अंतर्राष्ट्रीय
25-Feb-2026
...


बालिकेसिर(ईएमएस)। तुर्की के पश्चिमी हिस्से में स्थित बालिकेसिर शहर में एक बड़ा विमान हादसा हो गया, जिसमें तुर्की वायुसेना का एक एफ-16 लड़ाकू विमान क्रैश हो गया। इस दुखद घटना में विमान उड़ा रहे पायलट की मौत हो गई है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा बुरसा-इजमिर हाईवे के पास हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय कर दिया और एंबुलेंस व पुलिस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि यह फाइटर जेट बालिकेसिर स्थित 9वीं मेन जेट बेस कमांड का हिस्सा था। स्थानीय समयानुसार रात करीब एक बजे जब विमान नियमित उड़ान पर था, तभी अचानक रडार से इसका संपर्क टूट गया और रेडियो ट्रैकिंग भी बंद हो गई। इसके बाद वायुसेना ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया, जिसमें हाईवे के पास विमान का मलबा बिखरा हुआ पाया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दुर्घटनास्थल पर मलबे के ढेर और सुरक्षा घेरे में जुटे अधिकारी देखे जा सकते हैं। तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस घटना की पुष्टि की है और पायलट को शहीद बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है। वहीं, न्याय मंत्री अकिन गुरलेक ने कहा कि मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी गई है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या मानवीय चूक के कारण। उल्लेखनीय है कि एफ-16 लड़ाकू विमानों के क्रैश होने का इतिहास काफी पुराना रहा है। पिछले एक दशक में दुनिया के विभिन्न हिस्सों में ऐसे कई हादसे हुए हैं। साल 2019 में इस्लामाबाद के पास परेड अभ्यास के दौरान और 2015 में स्पेन के अल्बासेटे एयर बेस पर भी एफ-16 हादसे का शिकार हुए थे। इसके अलावा, हाल के वर्षों में दक्षिण कोरिया और आयोनियन सागर में भी प्रशिक्षण उड़ानों के दौरान इस श्रेणी के विमानों में तकनीकी खराबी की खबरें सामने आती रही हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/25फरवरी2026 -----------------------------------