- वृद्ध आश्रम और मानसिक दिव्यांग आश्रम में बांटा भोजन व जरूरत का सामान बिलासपुर (ईएमएस)। साधु वासवानी सेंटर इकाई द्वारा थैंक्सगिविंग वीक के अवसर पर सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। इस कड़ी में दो वृद्धाश्रमों और मानसिक दिव्यांग आश्रम घरौंदा में भोजन सेवा एवं आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान लगभग 80 वृद्धजनों और 25 दिव्यांग बहनों को प्रेमपूर्वक भोजन परोसा गया। धन्यवाद सप्ताह’ का उद्देश्य: सेवा और सत्कर्म सेंटर की समाजसेविका सपना कलवानी ने बताया कि साधु वासवानी सेंटर में देशभर में थैंक्सगिविंग वीक मनाया जाता है। इसका उद्देश्य ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना और सेवा के माध्यम से सत्कर्म करना है। संस्था का मानना है कि वर्ष में कम से कम एक सप्ताह ऐसा होना चाहिए, जब हम सेवा, धर्म और मानवता के कार्यों में स्वयं को समर्पित करें। इसी भावना से बिलासपुर इकाई द्वारा यह सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। भोजन के साथ दिल का द्वार खोल पुस्तक भेंट की गई सेवा कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम और घरौंदा आश्रम में दाल-चावल, आलू-बैंगन की सब्जी, चपाती, दही बड़ा, फ्रायम्स और बूंदी का वितरण किया गया। इसके साथ ही सभी को प्रेरणादायी पुस्तक दिल का द्वार खोल भी भेंट की गई। एक वृद्धाश्रम में आटा, नमक, शक्कर, वॉशिंग सोप और बिस्कुट जैसी आवश्यक सामग्री भी प्रदान की गई। इनका रहा सहयोग भोजन ग्रहण करने के बाद वृद्धजनों और दिव्यांग बहनों के चेहरों पर खुशी देखकर स्वयंसेवकों का मन भावुक हो उठा। इस सेवा कार्य में सपना कलवानी, चित्रा पंजवानी, अंजलि रोचवाणी, सिम्मी, वर्षा, मीरा, अन्नू, हेमा, आरती, रेशमा, संगीता, सरिता का विशेष योगदान रहा। मनोज राज 25 फरवरी 2026