इन्दौर (ईएमएस) शिवनगर पीपलिया लोहार (खरडा खेड़ा) स्थित खेड़ापति आश्रम में इस वर्ष आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। यहां आगामी 5 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाला विराट हनुमंत मेला भक्ति, साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा। आयोजन की तैयारियां श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह के साथ जारी है। आयोजन समिति के अनुसार 8 से 14 अप्रैल तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसमें प्रतिदिन धर्म, ज्ञान और भक्ति की अविरल धारा बहेगी। इसी क्रम में 10 से 13 अप्रैल तक परम श्रद्धेय हनुमंत साधक श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर राजगुरु जी महाराज 72 घंटे की पावन भू-समाधि साधना में लीन रहेंगे। यह साधना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण और आध्यात्मिक प्रेरणा का केंद्र रहेगी। बड़ी संख्या में भक्त इस दिव्य अनुष्ठान के साक्षी बनेंगे। 14 अप्रैल को पूर्णाहुति के साथ अभिमंत्रित रुद्राक्षों का वितरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष मेले का विशेष आकर्षण हजारों नेपाली रुद्राक्षों से निर्मित लगभग 5 फीट ऊंची भगवान हनुमान की भव्य प्रतिमा रहेगी। सात दिनों तक विधिवत रुद्राभिषेक और अखंड हनुमान चालीसा पाठ के माध्यम से प्रतिमा का अभिमंत्रण किया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा। आयोजन व्यवस्था एवं रूपरेखा के लिए हनुमंत साधक श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर राजगुरु महाराज के मार्गदर्शन में संतगण, कार्यकर्ता और श्रद्धालुओं की बैठक में आयोजन की विस्तृत तैयारियों पर चर्चा की गई। व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, ताकि यह महोत्सव ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। आयोजन समिति ने इंदौर सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर संकट मोचन हनुमान जी के दर्शन लाभ लेने और इस दिव्य आध्यात्मिक महापर्व का सहभागी बनने की अपील की है। आनंद पुरोहित/ 25 फरवरी 2026