25-Feb-2026
...


- बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दी पूर्णाहुति में दी आहुति बिलासपुर (ईएमएस)। समीपस्थ ग्राम बेलतरा में तीन दिनों तक माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न वैदिक संस्कारों का आयोजन संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान में ग्रामवासियों सहित आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। विधि विधान से निकाली गई कलश यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान के साथ कलश यात्रा से किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने भाग लिया। गायत्री परिवार की जिला समन्वयक नंदनी पाटनवार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए यज्ञ के आध्यात्मिक, सामाजिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और संस्कार निर्माण का माध्यम है। मंत्रोच्चार भजन व संगीतमय प्रस्तुतियां दी गई गायत्री शक्तिपीठ ट्रस्टी रामकुमार श्रीवास के मार्गदर्शन में 05 कुंडीय गायत्री महायज्ञ विधिवत संपन्न कराया गया। यज्ञ के दौरान मंत्रोच्चार, भजन एवं संगीतमय प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। संगीत सहयोगी टोली में उधो राम प्रजापति, रंजीत गढ़वाल एवं मन्ना गढ़वाल ने मधुर भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। यज्ञ के साथ-साथ विभिन्न संस्कार भी संपन्न कराए गए, जिसमें श्रद्धालुओं ने परिवार सहित भाग लिया। आयोजन में इनका रहा सहयोग गायत्री परिवार के स्वयंसेवक नारायण प्रसाद पाली ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन को सफल बनाने में तीरथ राम यादव, जमुना कश्यप, रामाधार श्रीवास, विकास जायसवाल, देव कुमार यादव सहित ग्राम के अनेक परिजनों का विशेष योगदान रहा। मनोज राज 25 फरवरी 2026