25-Feb-2026
...


बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और निष्पक्ष कराने के दिए सख्त निर्देश गुना (ईएमएस)। जिले में संचालित बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लेने हेतु कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने शहर के शारदा स्कूल, कैंट तथा पीएम श्री एकीकृत शासकीय कन्या विद्यालय गुना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति, बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से जांच की। कलेक्टर कुछ समय तक कक्षाओं में परीक्षा संचालन की प्रक्रिया भी देखते रहे। कलेक्टर श्री कन्याल ने इनविजिलेटर (कक्ष निरीक्षक) से चर्चा करते हुए पूछा कि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की समस्या तो नहीं आ रही है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि प्रश्नपत्र समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंच रहे हैं और कहीं भी नकल जैसी कोई घटना तो नहीं हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षाएं शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हों। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस औचक निरीक्षण में जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश गोयल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।- सीताराम नाटानी