गंगटोक,(ईएमएस)। पूर्वी सिक्किम में मौजूद त्सोमगो झील (चांगू झील) के पास भारी बर्फबारी के कारण फंसे 2,700 से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित बचाया गया है। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि शेराथांग और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हिमपात से सड़कें पूरी तरह अवरुद्ध हुई थीं। हालात इतने खराब थे कि ‘15वें मील’ से त्सोमगो झील के बीच का संपर्क कट गया और कुल 541 पर्यटक वाहन बर्फ में फंस गए। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इन वाहनों में सवार 2,736 पर्यटक कठिन परिस्थितियों में फंसे हुए थे। शून्य से नीचे तापमान (सब-ज़ीरो) और कम दृश्यता के बीच राहत एवं बचाव दलों ने समन्वित अभियान चलाया। यह रेस्क्यू ऑपरेशन मंगलवार देर रात तक जारी रहा। प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से सभी वाहनों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया और सभी पर्यटकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। बर्फबारी इतनी तीव्र थी कि सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया था। कई स्थानों पर बर्फ की मोटी परत जमने से वाहन फिसल रहे थे और यातायात पूरी तरह ठप हो गया था। ऐसे में राहत दलों ने प्राथमिकता के आधार पर पर्यटकों को सुरक्षित निकालने का काम किया। घटना के बाद सिक्किम पर्यटन विभाग ने पर्यटकों और टूर ऑपरेटरों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने कहा है कि यात्रा से पहले मौसम विभाग के अलर्ट अवश्य जांचें। बर्फबारी वाले क्षेत्रों में टायरों पर ‘स्नो चेन’ का उपयोग अनिवार्य रूप से करें ताकि वाहन फिसलने से बचें। साथ ही, वाहनों में पर्याप्त भोजन, गर्म कपड़े और आपातकालीन किट रखना जरूरी है। यह घटना पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम की अनिश्चितता और सावधानी की अहमियत को रेखांकित करती है। आशीष दुबे / 25 फरवरी 2026