25-Feb-2026
...


- लेफ्ट टर्न की बाधाएं हटाने के सख्त निर्देश - नौलखा से विजयनगर तक प्रमुख चौराहों का निरीक्षण; सुगम यातायात के लिए अतिक्रमण और अवैध निर्माणों पर चलेगी निगम की कैंची :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में सुगम यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज धरातल पर मोर्चा संभाला। प्रातःकालीन निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने शहर के व्यस्ततम चौराहों का दौरा किया और पीक आवर्स में लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने हेतु लेफ्ट टर्न चौड़ीकरण के कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, पी.एस. कुशवाह सहित तकनीकी अमला भी मौजूद रहा। आयुक्त ने नौलखा, वर्ल्ड कप चौराहा, बिचोली मरदाना, निरंजनपुर, बापट, विजयनगर, न्याय नगर, लोखंडे ब्रिज एवं सी-21 मॉल के समीप स्थित चौराहों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लेफ्ट टर्न चौड़ीकरण के मार्ग में जो भी अस्थायी या स्थायी निर्माण बाधा बन रहे हैं, उन्हें नियमानुसार तत्काल चिन्हित कर हटाया जाए। आयुक्त ने जोर दिया कि रोड मार्किंग को स्पष्ट किया जाए और आवश्यक स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगाए जाएं ताकि वाहन चालकों को सुविधा हो। :: ट्रैफिक पुलिस के साथ बनेगा एक्शन प्लान :: सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए आयुक्त ने ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर एक समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल प्रतीकात्मक न होकर प्रभावी होनी चाहिए, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात का प्रवाह अबाधित बना रहे। :: सफाई में लापरवाही पर चेतावनी :: निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निरंजनपुर चौराहा स्थित सार्वजनिक शौचालय की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने सफाई रजिस्टर के संधारण कार्य की जांच की और अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी कि सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वच्छता की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इंदौर की स्वच्छता साख को बनाए रखना प्रत्येक कर्मचारी का दायित्व है। प्रकाश/25 फरवरी 2026