राष्ट्रीय
25-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। जलवायु परिवर्तन का असर देश में मौसम पर गहराता जा रहा है। बुधवार को भारत मौसम विभाग ने कहा कि जम्मू कश्मीर के कुछ इलाकों में औसत तापमान सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस से 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर रिकॉर्ड किया गया है। श्रीनगर स्थित भारत मौसम विभाग ने बुधवार को जारी अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा कि कश्मीर डिवीजन के कई हिस्सों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 9-10℃ अधिक रहा और जम्मू मंडल के कई हिस्सों में सामान्य से 4-8℃ अधिक रहा। कश्मीर मंडल में मुजफ्फरबाद (28।0℃) और जम्मू मंडल में मीरपुर (28।0℃) में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। कश्मीर डिवीजन के कई हिस्सों में रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2-4℃ अधिक रहा है और जम्मू डिवीजन के कई स्थानों पर यह सामान्य से 2-3℃ अधिक रहा है। एनडीटीवी से बातचीत में भारत मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ। नरेश कुमार ने कहा कि जम्मू कश्मीर के कुछ इलाकों में तापमान सामान्य से 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ चुका है। इसकी वजह से बर्फ की परत भी सामान्य से कम हो गई है। हिमाचल प्रदेश में भी कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा हो गया है। अगले कुछ दिनों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने की संभावना नहीं है। इसकी वजह से दिल्ली और उत्तर पश्चिमी भारत में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ती जाएगी। आने वाले दिनों में दिल्ली और उत्तर पश्चिम भारत के अधिकतर इलाकों में भी अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस और बढ़ने वाला है। सुबोध/२५-०२-२०२६