अंतर्राष्ट्रीय
01-Mar-2026
...


तेलअवीव,(ईएमएस)। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि और उसके बाद उपजे युद्ध के हालातों के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर सोशल मीडिया पर दावों का बाजार गर्म है। शनिवार को जैसे ही इजरायल और अमेरिका ने तेहरान पर भीषण हमले शुरू किए, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर यह खबर तेजी से फैल गई कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू सुरक्षा कारणों से देश छोड़कर किसी सुरक्षित स्थान पर चले गए हैं। अपुष्ट दावों में कहा गया कि वे ग्रीस भाग गए हैं, जबकि कुछ रिपोर्ट्स में उनके विमान के इजरायली तट पर घंटों चक्कर काटने की बात कही गई है। इन तमाम अटकलों के बीच विमानन डेटा ने एक नई और रहस्यमयी कहानी पेश की है। इजरायली प्रधानमंत्री के आधिकारिक विमान विंग ऑफ सियोन, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर है, उसे फ्लाइट रडार पर ट्रैक किया गया। डेटा के अनुसार, यह बोइंग विमान बीरशेबा के नेवाततियिम एयरबेस से दोपहर 12:10 बजे रवाना हुआ। लगभग चार घंटे तक इजरायली समुद्र तट के ऊपर मंडराने के बाद, विमान ने अपना रुख बदला और 28 फरवरी की रात को जर्मनी की राजधानी बर्लिन में लैंड हुआ। हैरानी की बात यह है कि बर्लिन में प्रधानमंत्री की कोई पूर्व निर्धारित बैठक या आधिकारिक यात्रा तय नहीं थी, जिससे संशय और गहरा गया है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने दावा किया कि शुरुआत में विमान ने ग्रीस में उतरने की कोशिश की थी, लेकिन अनुमति न मिलने के कारण उसे जर्मनी ले जाया गया। हालांकि, स्वतंत्र पत्रकारों और फैक्ट-चेकर्स ने इन खबरों को फिलहाल निराधार बताया है। उनका तर्क है कि नेतन्याहू ने शनिवार को इजरायल से ही एक वीडियो बयान जारी किया था, जिसमें उन्होंने ईरान पर हुए हमलों और वहां के नेतृत्व के अंत की जानकारी दी थी। अंतरराष्ट्रीय समाचार संस्थानों ने भी अभी तक उनके देश छोड़ने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इससे पहले भी युद्ध के दौरान इस तरह के भ्रामक दावे किए गए थे, जो बाद में गलत साबित हुए। यह रहस्यमय स्थिति ऐसे समय में बनी है जब ईरान ने आधिकारिक तौर पर स्वीकार कर लिया है कि खामेनेई की मौत हो चुकी है और उनका शव बरामद कर लिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए इसे एक नए युग की शुरुआत बताया है। अब सवाल यह उठता है कि क्या विंग ऑफ सियोन को केवल सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत खाली ही बर्लिन भेजा गया था या प्रधानमंत्री वाकई युद्ध के चरम पर देश से बाहर हैं? इजरायली सरकार की ओर से प्रधानमंत्री की वर्तमान लोकेशन को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट बयान जारी नहीं किया गया है, जिसने इस सस्पेंस को बरकरार रखा है। वीरेंद्र/ईएमएस/01मार्च2026