अंतर्राष्ट्रीय
01-Mar-2026
...


दुबई,(ईएमएस)। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के भीषण सैन्य हमलों के बाद पूरे मध्य पूर्व (मिडल ईस्ट) में युद्ध की आग फैल गई है। 28 फरवरी की रात तेहरान समेत कई शहरों पर हुए हमलों के जवाब में ईरान ने भी अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागकर स्थिति को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया है। इस जंग का असर अब संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) तक पहुंच गया है, जहां दुबई जैसे आधुनिक शहर के आसमान में भी मिसाइलों की रोशनी और धमाकों की गूंज सुनाई दे रही है। इस डरावने मंजर के बीच वहां फंसे भारतीय नागरिकों और मशहूर हस्तियों में भारी डर व्याप्त है। प्रसिद्ध साउथ फिल्म एक्टर और प्रोड्यूसर विष्णु मांचू ने दुबई से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो साझा कर वहां के हालातों की जानकारी दी है। विष्णु मांचू इस समय अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिताने दुबई गए हुए हैं, लेकिन वहां उन्हें युद्ध की विभीषिका का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि रात के समय उनके घर के ठीक ऊपर आसमान में मिसाइलें साफ दिखाई दे रही थीं। हवा में हो रहे धमाकों की गूंज इतनी तेज थी कि उनका पूरा घर बुरी तरह दहल गया। अभिनेता ने बेहद भावुक होते हुए साझा किया कि इन धमाकों की आवाज सुनकर उनकी छोटी बेटी आयरा बुरी तरह सहम गई और डर के मारे कांपने लगी। एक पिता के रूप में अपनी मासूम बच्ची को इस तरह आतंकित देखना उनके लिए सबसे मुश्किल पल था। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस भयावह दृश्य का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि दुनिया में किसी भी बच्चे को अपने घर के ऊपर युद्ध के शोर के बीच बड़ा नहीं होना चाहिए। अभिनेता ने संकट की इस घड़ी में नागरिकों की सुरक्षा के लिए यूएई रक्षा बलों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि ऐसे लम्हे हमें याद दिलाते हैं कि जिंदगी कितनी नाजुक है। उन्होंने विश्व शांति के लिए प्रार्थना करते हुए हर हर महादेव के नारे के साथ अपनी पोस्ट का अंत किया। विष्णु मांचू का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर भारत में मौजूद उनके प्रशंसक उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर खासे चिंतित हैं। कमेंट सेक्शन में लोग लगातार उन्हें सुरक्षित स्थान पर रहने और सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। गौरतलब है कि दुबई में केवल विष्णु मांचू ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान भी फंसी हुई हैं। बिगड़ते हालातों और बंद होते एयरस्पेस के बीच सोनल ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगाई है। मिडल ईस्ट के आसमान में मडराते ये मिसाइल हमले न केवल वैश्विक राजनीति को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि वहां रह रहे हजारों भारतीयों की सुरक्षा पर भी बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर रहे हैं। फिलहाल, सभी की नजरें भारत सरकार के अगले कदम और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति पर टिकी हैं ताकि वहां फंसे नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा सके। वीरेंद्र/ईएमएस/01मार्च2026