- सीईओ ने दो को निलंबित करने के दिए निर्देश ब्यावरा(ईएमएस)l जिले की पंचायतो में भृष्टाचार किस कदर फैला है इसकी बानगी ब्यावरा ब्लाक की गोरधनपुरा पंचायत में सामने आई है l यहां पिता की मौत होने के बाद पुत्र ने मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत अंत्येष्टि सहायता एवं अनुग्रह सहायता के लिए आवेदन किया था। जिसके लिए पंचायत सचिव ने 25 हजार की रिश्वत मांगी थी। इसके बाद जब आवेदक 5 हजार रुपए एडवांस देने गया तो उसने वीडियो बना लिया। ये वीडियो जब वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आया तो दो अधिकारियों को तुरंत निलंबित कर दिया गया है। जानकारी अनुसार जगन्नाथ तंवर निवासी गोरधनपुरा की मौत 10 दिसंबर 2025 को हुई थी। इसके बाद उनके पुत्र राजेंद्र तंवर ने संबल योजना का लाभ पाने के तहत मिलने वाली अंत्येष्टि राशि 5 हजार रुपए और अनुग्रह राशि के लिए जनपद पंचायत गोरधनपुरा में आवेदन दिया था। इसकी एवज में पंचायत के सचिव धर्मेंद्र रघुवंशी ने 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। दोनों के बीच राशि को लेकर समझौता होने के बाद 5 हजार रुपए एडवांस देने आवेदक जब पहुंचा तो पंचायत सचिव को पैसे देते समय उसने वीडियो बना ली थी। जिस कक्ष में पैसे का लेनदेन हुआ था वह सामाजिक सुरक्षा विस्तार अधिकारी शुभम चंद्रवंशी का था। आवेदक ने यह वीडियो जिला पंचायत सीईओ सहित वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया। यह वीडियो सामने आने के बाद जिला पंचायत सीईओ ने पंचायत सचिव धर्मेंद्र रघुवंशी और सामाजिक सुरक्षा विस्तार अधिकारी शुभम चंद्रवंशी को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। सूत्रोंका कहना है कि इन अधिकारियों ने अंत्येष्टि सहायता राशि भी रोक ली थी, जिससे आवेदक खासा नाराज था। इसी वजह से उसने वीडियो बनाकर अधिकारियों पर कार्रवाई का निर्णय लिया था। -निखिल/ब्यावरा/1/3/2026