01-Mar-2026
...


भोपाल(ईएमएस)। शहर के गोविंदपुरा थाना इलाके में स्थित बरखेड़ा पठानी में रहने वाले रिटायर्ड आर्मीमैन ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। हादसे में आग की लपटों से घिरे सेना के पूर्व जवान पर पानी डालकर किसी तरह उसे आग की चपेट से बचाते हुए गंभीर हालत में इलाज के लिये एम्स अस्पताल पहुंचाया गया। दर्दनाक हादसे में 80 फीसदी झुलस जाने के कारण अस्पताल में उनकी मौत हो गई। थाना पुलिस के मुताबिक हैंडी डेविस (56) आर्मी से रिटायर्ड थे। परिवार में उनका बेटा और पत्नी है। डेविस को शराब पीने का शौक था। उन्हें बीपी व शुगर की बीमारी थी, और एक बार लकवा भी लग चुका था। बीमारी के कारण परिवार वाले उन्हें शराब न पीने की नसीहत करते हुए उसे छोड़ने का कहते थे। इस बात को लेकर उनका परिवार वालो से विवाद होता रहता था। तीन दिन पूर्व भी इसी बात को लेकर उनका पत्नी से विवाद हो गया था। झगड़े के दौरान उन्होंने पत्नी से मारपीट कर गैती से हमला कर उसे घायल कर दिया था। पत्नि ने अस्पताल में उपचार के बाद पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी की थी। इस विवाद के बाद से पत्नी मायके में है। शुक्रवार सुबह उनका बेटा अपने काम पर चला गया था। घर में डेविस की बहन थी। रात करीब 9 बजे हेंडी डेविस नशे की हालत में घर पहुंचे और घर के सामने हंगामा करने लगे। डर के कारण उनकी बहन ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। थोड़ी देर बाद डेविस के जोर जोर से चीखने की आवाजे सुनकर बहन ने दरवाजा खोला तो उसे हैंडी डेविस का शरीर आग की लपटों से घिरा नजर आया। पड़ोसियों की मदद से जैसै-तैसै शरीर पर लगी आग बुझाकर डेविस को इलाज के लिये एम्स ले जाया गया, वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जॉच शुरु कर दी है। जुनेद / 1 मार्च