01-Mar-2026
...


- मास्टर-की से गाड़ियां चुराकर खेत में छिपाते थे, 15 बाइक बरामद, 2 आरोपी भी गिरफ्तार ब्यावरा(ईएमएस)l सिटी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बाइक चोरी करने वाले एक शातिर अंतरजिला गिरोह को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 15 बाइक बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 7 लाख 95 हजार रुपए है। एसडीओपी प्रकाश शर्मा ने गिरोह के काम करने के तरीके का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी बेहद शातिर हैं। ये भीड़भाड़ वाले इलाकों धर्मशालाओं, मेडिकल स्टोर, होटलों और किराए के मकानों के बाहर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते थे। मास्टर-की (मास्टर चाबी) और लॉक तोड़ने वाले उपकरणों की मदद से ये चंद मिनटों में बाइक लेकर रफूचक्कर हो जाते थे। पकड़े जाने के डर से ये चोर बाइकों की नंबर प्लेट बदल देते थे और उन्हें पुलिस की नजरों से बचाने के लिए खेतों में बने मकानों या सुनसान गोदामों में छिपाकर रखते थे। - सीसीटीवी फुटेज के साथ साइबर सेल से मिली मदत शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों को देखते हुए थाना प्रभारी वीरेन्द्र धाकड़ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों के मोबाइल लोकेशन व कॉल डिटेल का तकनीकी विश्लेषण किया। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने इस मामले में सन्नी उर्फ सुनील राजपूत (30) निवासी चाचौड़ा (जिला गुना) और फैजान (20) निवासी कुंभराज को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने ब्यावरा के यादव धर्मशाला, रेलवे तिराहा और एबी रोड स्थित ज्योति होटल के पास से वाहन चोरी करना स्वीकार किया है। गिरोह का एक अन्य सदस्य मुकेश मीना (थाना राघौगढ़, जिला गुना) फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी जितेन्द्र अजनारे सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब बरामद की गई अन्य मोटरसाइकिलों के मालिकों का पता लगाने और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है। -निखिल/ब्यावरा/1/3/2026