बड़वानी/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रस्तावित नागलवाड़ी कैबिनेट बैठक और भगोरिया उत्सव को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े और आईजी अनुराग सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल एवं प्रसिद्ध बाबा भिलट देव मंदिर परिसर का सूक्ष्म निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह को वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। चूंकि यह आयोजन आदिवासी संस्कृति के प्रतीक भगोरिया पर्व के दौरान हो रहा है, इसलिए पुलिस प्रशासन को कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने हेतु विशेष रूप से ब्रीफ किया गया है। प्रकाश/1 मार्च 2026