इन्दौर (ईएमएस) मकान निर्माण कार्य के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में वहां काम कर रहे मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित बड़ी भमोरी में हुआ और मृतक मजदूर का नाम हरिओम पिता मोहनसिंह उम्र पैंतालीस साल निवासी कुलकर्णी का भट्टा है। वह मकान की तीसरी मंजिल पर टॉवर तोड़ रहा था कि अचानक छत का हिस्सा उस पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हरिओम तीसरी मंजिल पर बने टॉवर को हथौड़े से तोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक छत का एक हिस्सा कमजोर होकर गिर गया और वह मलबे में दब गया। साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और ठेकेदार महेश की मदद से इलाज के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 01 मार्च 2026