(01पीआर30जीडब्ल्यू) बस ऑपरेटर एसोसिएशन की बैठक में बड़ा फैसला जबलपुर, (ईएमएस)। शहर के बल्देवबाग स्थित राम भवन में रविवार को आईएसबीटी बस ऑपरेटर एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा जारी विवादित अधिसूचना और उसके विरोध में 2 मार्च से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि जबलपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष श्री वीरेन्द्र साहू, अध्यक्ष कमल किशोर तिवारी “पिंटू भैया” एवं संजय समाधियां भोपाल में माननीय मुख्यमंत्री से मुलाकात कर लौटे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से हुई सकारात्मक चर्चा के बाद विवादित अधिसूचना को होल्ड करने तथा एक अन्य नोटिफिकेशन को वापस लेने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। प्रतिनिधियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बस ऑपरेटरों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए एक समिति गठित करने की बात कही है। इस समिति में बस ऑपरेटरों के प्रतिनिधियों के साथ परिवहन मंत्री और प्रमुख सचिव परिवहन शामिल रहेंगे। समिति आपसी चर्चा और सहमति से आगे की कार्यवाही और निर्णय लेगी। सरकार के इस आश्वासन के बाद 2 मार्च से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में उपस्थित ऑपरेटरों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि शासन स्तर पर जल्द ही व्यावहारिक और संतुलित समाधान निकलेगा। इस अवसर पर बस ऑपरेटरों की ओर से श्री वीरेन्द्र साहू और कमल किशोर तिवारी “पिंटू भैया” का सम्मान किया गया। ऑपरेटरों ने कहा कि दोनों पदाधिकारियों ने मजबूती से बस व्यवसायियों का पक्ष मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिसके परिणामस्वरूप यह सकारात्मक पहल संभव हो सकी। बैठक में सर्वश्री शंकर दयाल शर्मा, बच्चू रोहाणी, नसीम बेग, संजय शर्मा, उदय चंद जैन, कल्याण नियोगी, रवि उपाध्याय, अजय पाठक, प्रहलाद छुगानी, मिंकु केशरवानी, कृष्ण कुमार खम्परिया, नरेश रजक, दिलीप मंगलानी, धन्नू जैन, ओम प्रकाश जायसवाल, संतोष शर्मा, रमेश जैन, माजिद खान, जावेद खान, बलवंत सिंह, मनीष जैन, कंधी जैन, नौशाद, बंटी राय, अजीत पटेल, संदीप जैसवाल, रजनीश शर्मा, राज जैसवाल, सत्यम तिवारी, सचिन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में बस ऑपरेटर उपस्थित रहे। बैठक का समापन इस आशा के साथ हुआ कि शासन-प्रशासन और बस ऑपरेटरों के बीच संवाद से शीघ्र ही स्थायी समाधान निकलेगा और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। सुनील साहू / शहबाज / 29 फरवरी 2026/ 07.00