:: गाय के गोबर से निर्मित कंडों की होगी होलिका, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा पालदा क्षेत्र का वैश्य समाज :: इंदौर (ईएमएस)। अग्रवाल समाज हाईवे क्षेत्र पालदा द्वारा सोमवार, 2 मार्च को शाम 6.30 बजे वरुण विक्ट्री परिसर में भव्य होलिका दहन एवं सामूहिक पूजन का आयोजन किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल करते हुए इस वर्ष भी समाजजनों द्वारा गाय के गोबर से निर्मित कंडों की होलिका का दहन किया जाएगा। संगठन के अरविंद बागड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस उत्सव में हाईवे क्षेत्र की 30 से अधिक कॉलोनियों के लगभग 500 से अधिक अग्रवाल एवं वैश्य परिवार सम्मिलित होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इस सामूहिक आयोजन के माध्यम से समाज के बीच आपसी सद्भाव और भाईचारे को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में सतीश गोयल, मनीष अग्रवाल मन्नू, विकास मित्तल, आशीष शर्मा, नारायण एरन, नवीन पुरोहित राजा और संदेश खंडेलवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के रहवासी उपस्थित रहकर एक-दूसरे को रंगोत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करेंगे। समाज के पदाधिकारियों ने हाईवे क्षेत्र के सभी वैश्य परिवारों से इस पावन पर्व पर समयबद्ध उपस्थित होकर सामूहिक पूजन का लाभ उठाने की अपील की है। प्रकाश/1 मार्च 2026