क्षेत्रीय
05-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)। होली के उत्साह के बाद गुरुवार को भाईदूज का पर्व जिले भर में पारंपरिक श्रद्धा और उमंग के साथ मनाया गया। इस मौके पर सबसे भावुक दृश्य जिला जेल परिसर में देखने को मिला, जहाँ जेल प्रशासन ने बंदियों को उनकी बहनों से मुलाकात और टीका लगवाने के लिए विशेष प्रबंध किए थे। जेल मुख्यालय के निर्देशानुसार, सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सुबह से ही बहनों का जेल पहुंचना शुरू हो गया था। जेल प्रबंधन ने बताया कि सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए एक बंदी से अधिकतम पांच महिलाओं को मिलने की अनुमति दी गई। सघन तलाशी और जांच के बाद ही बहनों को अंदर प्रवेश दिया गया, जहाँ उन्होंने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुखद भविष्य की कामना की। बच्चों को भी अपने पिता और परिजनों से मिलने के लिए प्रवेश में रियायत दी गई। जेल परिसर में परिजनों की सुविधा के लिए टेंट और शीतल जल की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए जेल प्रहरियों के साथ अतिरिक्त पुलिस गार्ड भी तैनात रहे। दोपहर तक ही दो सैकड़ा से अधिक मुलाकातें संपन्न हो चुकी थीं। यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। इसके साथ ही शहर के घरों में भी बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर गोला-मिश्री भेंट की और भाईदूज की परंपरा निभाई। - सीताराम नाटानी