पटना,(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले गुरुवार को पटना के प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने काली माता मंदिर, महावीर मंदिर और हनुमान मंदिर में दर्शन कर अपने राजनीतिक सफर की नई शुरुआत के लिए प्रार्थना की। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद नितिन नवीन ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भगवान का आशीर्वाद जीवन के हर पड़ाव पर व्यक्ति को मार्गदर्शन देता है। उन्होंने कहा कि महावीर मंदिर उनके जीवन में विशेष महत्व रखता है और हर महत्वपूर्ण अवसर पर वे यहां आकर भगवान से शक्ति और मार्गदर्शन की प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा, कि आज मेरे लिए एक नई शुरुआत का दिन है। भारतीय जनता पार्टी के निर्णयों के साथ हम हमेशा कार्य करते हैं। मैंने काली माता मंदिर और महावीर मंदिर में दर्शन कर माता रानी, भगवान शिव और हनुमान जी का आशीर्वाद लिया है। ईश्वर से प्रार्थना की है कि मुझे इतनी शक्ति दें कि अब तक जिस भावना और समर्पण के साथ मैंने कार्य किया है, उसी भावना के साथ आगे भी जनता और संगठन की सेवा कर सकूं। इस दौरान नितिन नवीन ने बिहार के साथ अपने संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार उनके जीवन में विशेष स्थान रखता है और व्यक्ति अपनी जड़ों से जुड़ा रहकर ही आगे बढ़ सकता है। उनका मानना है कि जब जड़ें मजबूत होती हैं तभी व्यक्ति का विकास भी मजबूत आधार पर होता है। उन्होंने कहा, बिहार मेरी जमीन है और मेरा क्षेत्र मेरे जीवन का अहम हिस्सा है। इस धरती को सींचते रहना और इसे हमेशा उपजाऊ बनाए रखना मेरे जीवन का उद्देश्य है। मैं जहां भी रहूं, मेरा क्षेत्र और मेरा बिहार हमेशा मेरे साथ रहेगा। गौरतलब है कि आगामी 16 मार्च को राज्यसभा की खाली सीटों के लिए चुनाव होने हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च तय की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को की जाएगी और नाम वापसी 9 मार्च को होगी। इस चुनाव में 10 राज्यों से राज्यसभा के 37 सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त हो रहा है। इनमें महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना के प्रतिनिधि शामिल हैं। हिदायत/ईएमएस 05मार्च26