-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो नई दिल्ली,(ईएमएस)। राहुल गांधी ने कहा है कि वह ऐसे परिवार में पले-बढ़े हैं जहां महिलाओं की प्रमुख भूमिका रही है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वे छात्राओं से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा महिलाएं आमतौर पर पुरुषों से ज्यादा समझदार और दूरगामी सोच रखने वाली होती हैं। वीडियो में राहुल गांधी ने बताया कि कुछ दिन पहले केरल में दोपहर के भोजन के दौरान उनकी कुछ छात्राओं से मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा कि छात्राओं के सपनों, जिज्ञासाओं और आत्मविश्वास से वे काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं अपनी क्षमता को पहचानती हैं और खुले मन से आगे बढ़ती हैं, तो वे समाज में असाधारण बदलाव ला सकती हैं। राहुल ने यह भी लिखा कि हर महिला अद्वितीय होती है और उनकी संवेदनशीलता, समझ व भावनात्मक बुद्धिमत्ता समाज को संतुलन और दिशा देती है। सांसद राहुल गांधी ने कहा कि महिलाओं को समाज के प्रतिबंधात्मक मानदंडों से बंधे रहने के बजाय अपनी पहचान, व्यक्तित्व और आकांक्षाओं के अनुसार आगे बढ़ने का पूरा अधिकार मिलना चाहिए। बातचीत के दौरान उन्होंने यह भी कहा, कि उनके परिवार में उनकी दादी इंदिरा गांधी परिवार की मुखिया थीं। राहुल ने कहा कि उनके परिवार में महिलाओं की संख्या हमेशा पुरुषों से ज्यादा रही है। उन्होंने दावा किया कि महिलाएं आमतौर पर पुरुषों से ज्यादा बुद्धिमान होती हैं। उनके अनुसार पुरुष अक्सर जल्दबाजी करते हैं और छोटी-छोटी बातों में उलझ जाते हैं, जबकि महिलाएं दूरगामी सोच रखती हैं और प्रत्यक्ष शक्ति के बजाय अप्रत्यक्ष शक्ति का प्रयोग करती हैं, जो अधिक प्रभावी होती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी शक्ति, साहस और सपने समाज को सकारात्मक भविष्य की ओर ले जाते हैं। हिदायत/ईएमएस 08मार्च26