गुरुग्राम,(ईएमएस)। दिल्ली से सटे गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब मेडिकल जांच के लिए पहुंची एक युवती पर केमिकल अटैक कर दिया गया। हमले में युवती का चेहरा और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए। अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद पीड़िता को गंभीर हालत में सफदरजंग रेफर कर दिया गया है। इससे पहले आरोपी दरिंदे ने युवती से मारपीट की। वो इलाज के लिए अस्पताल गई तो वहां जाकर चेहरे पर कोई कैमिकल फेंक दिया। जानकारी के अनुसार, नूह जिले की रहने वाली 24 वर्षीय युवती अपनी मौसी से मिलने सुभाष नगर इलाके में आई हुई थी। बताया जा रहा है कि उसी दौरान एक युवक उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। विवाद के बाद घायल युवती को इलाज के लिए गुरुग्राम के सिविल अस्पताल लाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद वही युवक एक युवती के साथ वहां आया और अचानक पीड़िता पर केमिकल फेंक दिया। हमले के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर पीड़िता का तुरंत प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेज दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक और पीड़िता के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि आरोपी युवक के साथ आई युवती की पहचान भी अभी तक सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और अस्पताल परिसर से सबूत जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में जांच और पूछताछ की जा रही है। वीरेंद्र/ईएमएस/09मार्च2026