अंतर्राष्ट्रीय
14-Mar-2026
...


एशिया-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच माना जा रहा अहम घटनाक्रम प्योंगयांग,(ईएमएस)। उत्तर कोरिया ने शनिवार को एक संदिग्ध बैलिस्टिक प्रोजेक्टाइल दागकर एक बार फिर क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यह प्रक्षेपण ऐसे समय हुआ है जब कुछ दिन पहले ही किम जोंग उन ने अपने नए युद्धपोत से क्रूज प्रोजेक्टाइल परीक्षण की निगरानी की थी। इस कदम को एशिया-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। जापान के कोस्ट गार्ड के मुताबिक दागा गया संदिग्ध बैलिस्टिक प्रोजेक्टाइल समुद्र में गिर गया। जापान के सार्वजनिक प्रसारक ने रक्षा मंत्रालय के एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से बताया कि प्रोजेक्टाइल देश के विशेष आर्थिक क्षेत्र के बाहर समुद्री क्षेत्र में गिरी। यह प्रोजेक्टाइल परीक्षण ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच 9 मार्च से 19 मार्च तक वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास चल रहा है। उत्तर कोरिया लंबे समय से इन अभ्यासों का विरोध करता रहा है और इन्हें अपने खिलाफ युद्ध की तैयारी बताता है। हाल ही में प्योंगयांग ने अमेरिका से उसे परमाणु शक्ति संपन्न देश के रूप में मान्यता देने की मांग की थी। यह मांग पांच साल में पहली बार आयोजित सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की कांग्रेस के दौरान उठाई गई थी, जिसमें देश की सुरक्षा और परमाणु नीति पर भी चर्चा हुई थी। उत्तर कोरिया ने हाल ही में ईरान पर अमेरिका हमले की भी कड़ी आलोचना की है। प्योंगयांग ने इस कार्रवाई को अमेरिका का बेशर्म कदम बताते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी निंदा की। सिराज/ईएमएस 14मार्च26 --------------------------------