नई दिल्ली,(ईएमएस)। पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली के मौसम में बदलाव आया। दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह बूंदाबांदी शुरू हो गई। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इससे पहले शनिवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को तेज हवा चलने के साथ ही हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हो सकती है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश होने से तापमान में कमी आएगी। आसमान में हल्के बादल छाए रहे। हवा भी चलती रही। न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक लेकिन एक दिन पहले की तुलना में 2.3 डिग्री कम था। वहीं, पालम और लोधी रोड के मौसम स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले दोनों स्थानों पर दर्ज किए गए तापमान से कुछ कम है। अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा और एक दिन पहले की तुलना में 0.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। आईएमडी ने रविवार सुबह, दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने और गरज व बिजली चमकने के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का पूर्वानुमान लगाया है। इससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। आईएमडी का कहना है कि पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब और हरियाणा से सटे मध्य पाकिस्तान में चक्रवाती गतिविधि विकसित हो गई है। इसके परिणामस्वरूप पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों में बारिश हो सकती है। इसका असर दिल्ली में भी दिखेगा। 15 और 18 मार्च को हल्की बारिश हो सकती है। अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार तक न्यूनतम तापमान 14-16 डिग्री सेल्सियस के आसपास और अधिकतम तापमान भी सोमवार तक 31-33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा में रविवार सुबह तेज गरज के साथ हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। गर्मी से राहत मिलते ही लोगों के लिए खुशनुमा माहौल बन गया। सड़कें गीली हो गई। आसमान में बादल मंडराते नजर आए। शनिवार के मुकाबले रविवार सुबह को ग्रेटर नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक में भी सुधार देखने को मिला। गुरुग्राम में रात में बारिश होने से मौसम में बड़ा बदलाव हुआ, जिससे लोगों को राहत मिली। मार्च की शुरुआत से ही तेज धूप होने के कारण पारा 30 डिग्री के पास चल रहा था लेकिन बारिश होने के बाद अधिकतम पारे में छह डिग्री का गिरावट आई है। इस बीच फरीदाबाद में भी बूंदाबांदी देखने को मिली। हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिला। इसी तरह हापुड़ और गुरुग्राम समेत एनसीआर के अन्य शहरों में भी बूंदाबांदी से मौसम में बदलाव हुआ और लोगों को गर्मी से राहत मिली। सिराज/ईएमएस 15मार्च26 --------------------------------