अंतर्राष्ट्रीय
15-Mar-2026
...


नई दिल्ली(ईएमएस)। टीवी अभिनेता शोएब इब्राहिम की बहन और मशहूर व्लॉगर सबा इब्राहिम एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई उपलब्धि नहीं बल्कि एक खतरनाक लापरवाही है। अपनी पर्सनल लाइफ और फैमिली व्लॉग्स के लिए जानी जाने वाली सबा हाल ही में मुंबई से अपने पति खालिद नियाज के गांव मौदहा जा रही थीं। इसी सफर के दौरान उन्होंने अपनी गाड़ी बीच रास्ते में एक व्यस्त हाईवे के किनारे रोक दी। हैरान करने वाली बात यह थी कि सबा, उनके पति और परिवार के अन्य सदस्य चलते हाईवे की सड़क पर ही चादर बिछाकर बैठ गए और इफ्तार करने लगे। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि जिस जगह वे बैठे थे, वहां से तेज रफ्तार गाड़ियां बेहद करीब से गुजर रही थीं। जैसे ही यह व्लॉग सोशल मीडिया पर सामने आया, लोगों ने सबा और उनके पति खालिद की जमकर क्लास लगानी शुरू कर दी। नेटिजन्स का कहना है कि यह न केवल खतरनाक है, बल्कि यातायात नियमों का भी खुला उल्लंघन है। लोगों ने इस बात पर चिंता जताई कि उनके साथ परिवार में छोटे बच्चे भी मौजूद थे, ऐसे में हाईवे जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह बैठना किसी बड़े हादसे को दावत देने जैसा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। कई लोगों ने टिप्पणी करते हुए पूछा कि अगर सड़क पर कोई अनियंत्रित वाहन उनके करीब आ जाता, तो इस जानलेवा लापरवाही का जिम्मेदार कौन होता? कुछ यूजर्स ने तो उत्तर प्रदेश पुलिस को टैग करते हुए इस मामले में कार्रवाई की मांग तक कर दी है। लोगों का मानना है कि एक प्रभावशाली व्लॉगर होने के नाते सबा की जिम्मेदारी बनती है कि वह अपने लाखों फॉलोअर्स को सुरक्षा और नियमों के प्रति जागरूक करें, न कि इस तरह के जोखिम भरे कृत्यों को बढ़ावा दें। फिलहाल, सुरक्षा नियमों की अनदेखी को लेकर सबा इब्राहिम और उनका परिवार कड़े विरोध का सामना कर रहा है। वीरेंद्र/ईएमएस/15मार्च2026