मनोरंजन
17-Mar-2026
...


:: स्नेहलता वसैकर और मिलिंद दास्ताने की जोड़ी दिखाएगी अभिनय का नया अवतार :: मुंबई (ईएमएस)। छोटे पर्दे पर सस्पेंस और डर का नया दौर शुरू होने जा रहा है। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न ने अपनी नई पेशकश ‘वशीकरणम् – किस पर रखें विश्वास’ के साथ टीवी की दुनिया में खलबली मचा दी है। शो के हालिया ट्रेलर ने अपनी डरावनी रूह और रहस्यमयी बैकग्राउंड म्यूजिक से दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। कहानी के केंद्र में है सुमन (स्नेहलता वसैकर), एक ऐसी रहस्यमयी और प्रभावशाली महिला जिसकी परछाईं भी पूरे गाँव पर गहरी छाप छोड़ती है। सुमन की ताक़त और उसके फैसलों के सामने सवाल उठाना मौत को दावत देने जैसा है। गाँव वाले उसे श्रद्धा से देखते हैं या डर से? यही इस शो की सबसे बड़ी पहेली है। मंझे हुए अभिनेता मिलिंद दास्ताने इस शो में तात्या का पेचीदा किरदार निभा रहे हैं। ऊपर से एक शांत और सम्मानित पारिवारिक व्यक्ति दिखने वाला तात्या, अंदर से रहस्यों के गहरे जाल में फंसा है। मिलिंद कहते हैं, तात्या की निजी जिंदगी उसके सामाजिक चेहरे से बिल्कुल अलग है। वह कुछ ऐसी खौफनाक सच्चाइयाँ जानता है, जिनसे उसके अपने बच्चे भी अनजान हैं। यही अंदरूनी संघर्ष उसे दिलचस्प बनाता है। येलकोट्टी प्रोडक्शन्स और निर्देशक अविनाश वाघमारे ने इस शो के लिए किरदारों की ऐसी फ़ौज तैयार की है, जहाँ हर चेहरा एक राज़ छुपाए बैठा है। दीपक सिमवाल, उज्ज्वल ताठे और स्वाती भिंगाडिवे जैसे कलाकार अपनी बेहतरीन अदाकारी से इस थ्रिलर को और भी धारदार बनाएंगे। तैयार हो जाइए इस रहस्यमयी सफर का हिस्सा बनने के लिए। वशीकरणम् हर सोमवार से शुक्रवार, रात 10:15 बजे सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न पर प्रसारित होगा। आप इसे सोनी लिव (Sony LIV) पर भी स्ट्रीम कर सकते हैं। प्रकाश/16 मार्च 2026 संलग्न चित्र - अभिनेता मिलिंद दास्ताने