मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देशन में नकली नोट बनाने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने नोट बनाने के उपकरण सहित 6.44 लाख रुपये नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में दिया। उन्होंने कहा, बीते सोमवार को रात्रि में गुप्त सूचना प्राप्त हुआ कि मधुबनी रेलवे स्टेशन के पास 1 व्यक्ति बड़ी मात्रा में जाली भारतीय करेंसी नोट लेकर आ रहा है। प्राप्त सूचना पर त्वरित कर्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक, मधुबनी के निर्देशा पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 अमित कुमार के नेतृत्व में थानाध्यक्ष, नगर थाना, मधुबनी द्वारा दो छापामारी दलों का गठन किया। रेलवे स्टेशन के दोनो निकास द्वार पर सघन जॉच प्रारम्भ किया गया। रात करीब 10.25 बजे एक व्यक्ति गेट संख्या दो के तरफ से आता दिखा। जो पुलिस बल के द्वारा किये जा रहे सघन जाँच को देखकर पीछे मुड़कर भागने का प्रयास किया। जिसे छापामारी दल के द्वारा अपनी अभिरक्षा में लिया। नाम,पता पूछने पर उसने अपना नाम सुर्यदेव कुमार उर्फ सुरज कुमार बताया तथा जब पुलिस द्वारा उस व्यक्ति के बैग की विधिवत तालाशी ली गई तो एक लाख रुपया भारतीय करेंसी का नकली नोट पाया गया। बरामद रुपये के संबंध में पुछने पर सुर्यदेव कुमार द्वारा बताया गया के पकड़ाये सभी नोट, जाली नोट है। जिसे वह बोधगया निवासी उदल पासवान के पास से लेकर आ रहा है। तथा नेपाल के राजाक्षेत्री नाम के व्यक्ति को देने जा रहे हैं। पकड़ाये जाली भारतीय करेंसी नोट के संबंध में नगर थाना कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया। अनुसंधान के क्रम में काण्ड के प्राथमिकी अभियुक्त सुर्यदेव कुमार की निशानदेही पर जिला गयाजी थाना विश्वविद्यालय अन्तर्गत उदल पासवान के घर पर विधिवत छापामारी किया गया तो उदल पासवान के घर से भी भारी मात्रा में जाली भारतीय करेंसी नोट बरामद किया गया। जब पुलिस द्वारा उनसे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उदल पासवान द्वारा बताया गया कि पर्यटन थाना बोधगया अन्तर्गत गौतमनगर स्थित सत्येन्द्र पासवान के किराये के मकान में जाली नोट छापने का कारोबार करता है और वहीं जाली नोट छापने का सामान भी रखा हुआ है। उनकी निशानदेही पर सत्येन्द्र पासवान के मकान मे किराये के कमरा से ऑरिजनल भारतीय करेंसी नोट का सेम्पल एवं अन्य जाली नोट छापने का सामान एवं भारी मात्रा में 5 लाख 44 हजार नकली नोट बरामद किया गया। पकड़ाये सुर्यदेव कुमार उर्फ सुरज कुमार एवं उदल पासवान के पास से कुल 6,44,000 जाली भारतीय करेंसी नोट एवं भारतीय करेंसी नोट का ऑरिजनल 3200 नोट बरामद किया गया। उनके स्वीकारोक्ति ब्यान के आधार पर इस घटना में संलिप्त सभी अपराधकर्मीयों का पता लगाया जा रहा है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा हैं एवं अन्य विधि सम्मत अग्रिम कार्रवाई की जा रही हैं। इस मामले के उद्वेदन में डीएसपी सदर वन अमित कुमार, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, अपर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, सब इंस्पेक्टर विनय कुमार, फैजुल अहमद, आकांक्षा कुमारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे। कार्तिक कुमार/संतोष झा- १७ मार्च/२०२६/ईएमएस