समाजवादी पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से उनके मुंबई स्थित आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह तेजी से वायरल हो गई। बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव इस दौरान सलमान खान के पिता और मशहूर लेखक सलीम खान का हालचाल जानने पहुंचे थे, जो हाल ही में अस्वस्थता के कारण अस्पताल में भर्ती रहे थे। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं और अभिनेता के बीच काफी देर तक बातचीत भी हुई। तस्वीर में अखिलेश यादव और सलमान खान एक-दूसरे के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। सलमान खान का राजनीतिक और सामाजिक जगत की कई हस्तियों से अच्छा संबंध माना जाता है। यही वजह है कि कई बड़े नेता और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोग समय-समय पर उनसे मुलाकात करते रहते हैं। इस मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और इसे चर्चा का विषय बना रहे हैं। ऑस्कर के प्रति हेमा ने जताई नाराजगी ऑस्कर अवॉर्ड्स 2026 के दौरान दिवंगत कलाकारों को श्रद्धांजलि देने वाले सेगमेंट में दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का नाम शामिल न होने पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने इसे बेहद निराशाजनक बताया है। हेमा मालिनी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह शर्म की बात है कि इतने बड़े कलाकार को नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र दुनिया के कई हिस्सों में पहचाने जाते थे और लोगों के दिलों में उनकी खास जगह थी। उन्होंने यह भी कहा कि धर्मेंद्र को अपने जीवन में बहुत ज्यादा अवॉर्ड नहीं मिले, लेकिन उन्हें इससे कभी फर्क नहीं पड़ा। उनके लिए लोगों का प्यार ही सबसे बड़ा सम्मान था। वहीं उनकी बेटी ईशा देओल ने भी कहा कि उनके पिता का दिल बहुत बड़ा था और वह ऐसी बातों की ज्यादा परवाह नहीं करते थे। ऑस्कर समारोह के दौरान कई हॉलीवुड कलाकारों को श्रद्धांजलि दी गई, लेकिन धर्मेंद्र का नाम न आने से उनके प्रशंसकों में भी निराशा देखी गई। अभिनेत्री नवनींद्र बहल का निधन प्रसिद्ध अभिनेत्री नवनींद्र बहल का 76 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से फिल्म और थिएटर जगत में शोक की लहर फैल गई है। उनके बेटे और फिल्म निर्माता कानू बहल ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है। कानू बहल ने अपनी मां को याद करते हुए भावुक संदेश साझा किया और उन्हें अपना गुरु, ताकत और प्रेरणा बताया। उनके इस संदेश ने कई लोगों को भावुक कर दिया। नवनींद्र बहल का अभिनय सफर बहुत कम उम्र में शुरू हो गया था। उन्होंने मात्र तीन साल की उम्र में थिएटर से अपने करियर की शुरुआत की थी। पटियाला से शुरू हुआ उनका यह सफर आगे चलकर फिल्म और टेलीविजन तक पहुंचा। नई पीढ़ी उन्हें कंगना रनौत की फिल्म ‘क्वीन’ में निभाए गए किरदार के लिए याद करती है। इसके अलावा उन्होंने ‘माचिस’ और ‘ओए लकी! लकी ओए!’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया। टीवी की दुनिया में ‘इश्कबाज’ और ‘दिल बोले ओबेरॉय’ जैसे धारावाहिकों के जरिए उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उनके निधन से फिल्म जगत ने एक अनुभवी और प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है। मार्से पेड्रोजो के निधन से फिल्म जगत में शोक मशहूर सेलिब्रिटी हेयर स्टाइलिस्ट मार्से पेड्रोजो के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके अचानक निधन से कई फिल्मी सितारों को गहरा झटका लगा है। नोरा फतेही से लेकर वरुण धवन और तारा सुतारिया सहित कई सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। नोरा फतेही ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मार्से पेड्रोजो के साथ बिताए पलों को याद करते हुए लिखा कि इस खबर को स्वीकार करना उनके लिए बेहद मुश्किल है। उन्होंने कहा कि मार्से सिर्फ एक प्रोफेशनल हेयर स्टाइलिस्ट ही नहीं बल्कि एक अच्छे दोस्त भी थे। वहीं अभिनेत्री तारा सुतारिया ने भी उन्हें याद करते हुए लिखा कि वह मार्से के साथ बिताए गए खूबसूरत पलों को कभी नहीं भूल पाएंगी। फिल्म इंडस्ट्री में कई बड़े सितारों के साथ काम कर चुके मार्से पेड्रोजो अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनलिज्म के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से इंडस्ट्री ने एक प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है। डेविड/ईएमएस 18 मार्च 2026