सिडनी (ईएमएस)। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन अब घरेलू क्रिकेट में न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्लयू) टीम के नये कोच की भूमिका में नजर आयेंगे। हैडिन को ग्रेग शिपर्ड की जगह नया कोच बनाया गया है। हैडिन जून में नये कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। हैडिन के लिए कोच बनना एक सुखद अनुभव रहेगा क्योंकि उन्होंने अपने करियर में अंतिम बार एनएसडब्लयू की ओर से ही घरेलू क्रिकेट में खेला था। हैडिन का करियर काफी अच्छा रहा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम के अलावा घरेलू क्रिकेट में एनएसडब्लयू और सिडनी सिक्सर्स की ओर से खेला था। उनके कोच बनने से एनएसडब्लयू को लाभ होगा क्योंकि हैडिन के पास कोचिंग के क्षेत्र में काफी लंबा अनुभव है। वह ऑस्ट्रेलियाई टीम में सहायक और फील्डिंग कोच रहे हैं। मुख्य कोच के तौर पर हैडिन की जिम्मेदार टीम को बेहतर बनाना रहेगा। उनका लक्ष्य टीम के लिए एक अलग और मजबूत खेल शैली विकसित करने के साथ ही प्रथम श्रेणी खिलाड़ियों को निखारकर ऑस्ट्रेलियाई टीम में खेलने के लिए तैयार करना रहेगा। साथ ही टीम को घरेलू टूर्नामेंट में विजेता बनाने पर भी उनकी नजरें रहेंगी। इस पूर्व क्रिकेटर ने कहा है कि एनएसडब्ल्यू क्रिकेट उनके जीवन का अहम हिस्सा रहा है और मुख्य कोच के रूप में वापसी से उन्हें लाभ हुआ है। इसके अलावा वह युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर बनाने और भविष्य के लिए निखारने का प्रयास करेंगे। वहीं न्यू साउथ वेल्स के सीईओ ली जर्मन ने कहा कि हम हैडिन का स्वागत करते हैं। उनके आने से टीम बेहतर होगी। वह अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइज़ी स्तर का अनुभव लेकर आते हैं।उन्होंने उम्मीद जतायी कि हैडिन टीम को नई दिशा देंगे और टीम को एक नये खिताब की ओर अग्रसर करेंगे। हैडिन अभी आईपीएल टीम पंजाब किंग्स के सहायक कोच है। वह सनराइजर्स हैदराबाद के कोचिंग स्टाफ का भी हिस्सा रहे हैं। ऐसे में उनके लंबे अनुभव से भीन्यू साउथ वेल्स को लाभ होगा। गिरजा/ईएमएस 19 मार्च 2026