नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ए बी डिविलियर्स ने अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा है कि वह अभी भी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के आधार हैं। डिविलियर्स आरसीबी से खेलने के दौरान विराट के काफी अच्छे दोस्त रहे हैं। डिविलियर्स का कहना है कि विराट आरसीबी की नींव हैं। उन्होंने कहा कि वह विराट के प्रदर्शन ही नहीं उनके होने से भी टीम प्रेरित होती है। उनके आने से टीम में एक प्रकार की सकारात्मक उर्जा का संचार होता है। इसलिए वह टीम के लिए सबसे महत्वूर्ण सदस्य हैं। उनके रहने से युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है। आरसीबी 19 सत्र में अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से करेगी। गत सत्र की विजेता होने के कारण इस बार टीम अपना खिताब बनाये रखना चाहेगी। डिविलियर्स ने कहा, विराट अभी भी आरसीबी की जान है। न केवल अपने प्रदर्शन और पिछले कुछ सालों में बल्ले से दिखाई गई निरंतरता के कारण बल्कि टीम में अपनी मौजूदगी से भी वह छाये हुए हैं। वह अपने आक्रामक अंदाज से टीम को जुनूनी बनाते रहे है। वह युवा खिलाड़ियों को ट्रॉफी जीतने के लिए तैयार करते हैं। वह टीम के लिए आगे बढ़कर योगदान देते हैं जिससे भी युवाओं का उत्साह बढ़ता है। गिरजा/ईएमएस 19 मार्च 2026