राष्ट्रीय
19-Mar-2026
...


नई दिल्ली(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने जगत जननी मां दुर्गा से प्रार्थना की कि उनकी असीम कृपा से सभी का कल्याण हो और राष्ट्र को विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए नई ऊर्जा प्राप्त हो। सोशल मीडिया के माध्यम से अपना संदेश साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि शक्ति की आराधना का यह दिव्य अवसर सभी के जीवन में सुख, सौभाग्य, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। उन्होंने विश्वास जताया कि मां दुर्गा के आशीर्वाद से देशवासियों में सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी। नवरात्रि के प्रथम दिन देवी शैलपुत्री की पूजा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने संस्कृत सुभाषित के माध्यम से मां के स्वरूप का वंदन किया। उन्होंने कामना की कि मां शैलपुत्री के आशीर्वाद से हर किसी के जीवन में संयम, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो। इस अवसर पर उन्होंने भक्तों के लिए एक भक्तिपूर्ण भजन भी साझा किया और मां दुर्गा के चरणों में कोटि-कोटि देशवासियों की ओर से नमन और वंदन किया। प्रधानमंत्री ने भारतीय नव वर्ष यानी नव संवत्सर के अवसर पर भी देश को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह नया साल सभी के जीवन में साहस और आत्मविश्वास को बढ़ाए, जिससे राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को नई मजबूती मिले। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न हिस्सों में मनाए जाने वाले गुड़ी पड़वा के त्योहार पर भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि यह उत्सव नए वर्ष के आगमन और नई आशाओं का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि आने वाला वर्ष सभी के लिए खुशियों और सफलता से भरा हो और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अटूट संकल्प के साथ अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने और देश की प्रगति में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करे। प्रधानमंत्री का यह संदेश न केवल आध्यात्मिक आस्था को दर्शाता है, बल्कि देश की सांस्कृतिक एकता और भविष्य के लक्ष्यों के प्रति सामूहिक संकल्प को भी रेखांकित करता है। वीरेंद्र/ईएमएस/19मार्च2026