जापान से कोरिया तक कोहराम...सेंसेक्स 2500 अंक टूटा, निफ्टी 23100 के नीचे, सोना-चांदी में भारी गिरावट निवेशकों के 13 लाख करोड़ स्वाहा नई दिल्ली (ईएमएस)। शेयर बाजार में बीते तीन दिन से जारी तेजी पर ब्रेक लग गया है। मिडिल-ईस्ट में जारी जंग अब एक बड़े तेल युद्ध का रूप लेती जा रही है। खाड़ी देशों में मौजूद तेल-गैस फील्ड्स पर दनादन मिसाइल अटैक होने से इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल के दाम में आग लग गई है और अचानक क्रूड ऑयल114 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। इसके चलते एशियाई शेयर बाजारों में कोहराम मचा नजर आया, तो भारतीय शेयर बाजार खुलने के साथ ही क्रैश हो गया। बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को आई बड़ी बिकवाली के बीच बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन कल के 439 लाख करोड़ रुपए से घटकर आज 426 लाख करोड़ रुपए पर आ गया है। यानी सिर्फ एक दिन में निवेशकों की वेल्थ में 13 लाख करोड़ रुपए की कमी दर्ज की गई है। बेंचमार्क सूचकांक और निफ्टी में तीन प्रतिशत की ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 2496.89 अंक या 3.26 प्रतिशत गिरकर 74,207.24 पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 775.65 अंक या 3.26 प्रतिशत गिरकर 23,002.15 पर बंद हुआ। कीमती धातुओं में भारी गिरावट पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, एक किलो चांदी की कीमत 29 हजार रुपए घटकर 2.21 लाख रुपए पर आ गई है। इससे पहले इसकी कीमत 2.50 लाख रुपए किलो थी। वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 9 हजार रुपए गिरकर 1.39 लाख रुपए पर आ गया है। इससे पहले 18 मार्च को सोना 1.56 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम था। जंग ने वैश्विक बाजारों की चिंता बढ़ाई पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ऊर्जा ढांचे पर हमलों ने वैश्विक बाजारों में चिंता बढ़ा दी है। ईरान के प्रमुख गैस उत्पादन क्षेत्र पर हमले और कतर स्थित दुनिया की सबसे बड़ी एलएनजी उत्पादन सुविधा को निशाना बनाए जाने से ऊर्जा आपूर्ति पर असर की आशंका गहरा गई है। विशेषज्ञों के अनुसार इन खाड़ी क्षेत्र के तनाव को बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंचा दिया है। उनके अनुसार, इससे वैश्विक ऊर्जा सप्लाई में बाधा की आशंका बढ़ी है, जिसका असर महंगाई और बाजारों पर साफ दिख सकता है। विनोद उपाध्याय / 19 मार्च, 2026