नई दिल्ली. आईपीएल में खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है. इस लीग में दमदार प्रदर्शन के बूते कई खिलाड़ियों की किस्मत रातों-रात चमकी है. आईपीएल की चमक-धमक और करोड़ों की बोलियों ने दुनिया के लगभग हर बड़े क्रिकेटर को अपनी ओर खींचा है, लेकिन क्रिकेट के इतिहास में कुछ ऐसे ‘दिग्गज’ भी रहे हैं, जिन्होंने इस लीग में कभी नहीं खेला। इसमें ब्रायन लारा और जेम्स एंडरसन जैसे महान क्रिकेटर्स शामिल हैं, जिन्होंने वर्ल्ड क्रिकेट में अपनी अलग ही छाप छोड़ी. आइए ऐसे ही पांच खिलाड़ियों के बारे में आपको बताते हैं। ब्रायन लारा (वेस्टइंडीज) आईपीएल का पहला सीजन 2008 में खेला गया था, जबकि ब्रायन लारा ने इंटरनेशनल क्रिकेट से 2007 के टी20 वर्ल्ड कप के ठीक बाद संन्यास ले लिया था. 2008 में जब पहला आईपीएल ऑक्शन हुआ, तब तक लारा क्रिकेट से लगभग दूर हो चुके थे. बहुत कम लोग जानते हैं कि लारा ने 2011 के आईपीएल ऑक्शन में अपना नाम दिया था. उस वक्त उनकी उम्र 41 साल थी और उन्होंने अपना बेस प्राइस $400,000 (लगभग 1.8 करोड़ रुपये) रखा था. हैरानी की बात यह है कि इस महान बल्लेबाज पर किसी भी फ्रेंचाइजी ने बोली नहीं लगाई. हालांकि, भले ही लारा एक खिलाड़ी के तौर पर नहीं खेल सके, लेकिन उन्होंने आईपीएल से दूरी नहीं बनाई. वह सनराइजर्स हैदराबाद के साथ लंबे समय तक जुड़े रहे। जेम्स एंडरसन (इंग्लैंड) इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन का नाम उन खिलाड़ियों में शुमार है, जिन्हें आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिल सका है. एंडरसन ने 42 साल की उम्र में ऑक्शन में अपना नाम भी भेजा था, लेकिन उन्हें खरीदने में किसी भी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई थी. एंडरसन टेस्ट क्रिकेट में 700 से ज्यादा विकेट लेने वाले एकमात्र तेज गेंदबाज हैं. स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड) इंग्लिश तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को भी आईपीएल में खेलने का कभी मौका नहीं मिल सका. ब्रॉड को साल 2011 के ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने खरीदा था, लेकिन चोट के कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे. इसके बाद ब्रॉड ने खुद ही आईपीएल से दूरी बना ली और टेस्ट क्रिकेट को ज्यादा प्राथमिकता दी. एलिस्टर कुक टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाजों में शुमार एलिस्टर कुक टी20 क्रिकेट में उतने सफल नहीं हो सके. क्रिकेट का सबसे छोटा फॉर्मेट कुक को खास रास नहीं आया. यही वजह रही कि वह कभी आईपीएल का हिस्सा नहीं बने. कुक इंग्लैंड की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने करियर में 12,472 रन बनाए. गिरजा/ईएमएस 24 मार्च 2026