क्षेत्रीय
24-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित रिवर व्यू संडे मार्केट में रविवार शाम पर्स चोरी के संदेह को लेकर जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दो पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस के मुताबिक, राजीव गांधी चौक के पास रहने वाले नरेंद्र तेंदुलकर (32) संडे मार्केट में बैग की दुकान लगाते हैं, जहां उनकी पत्नी भी उनके साथ रहती हैं। रविवार शाम करीब 7 बजे चंद्रकुमार अपनी पत्नी के साथ उनकी दुकान पर पहुंचे। इस दौरान चंद्रकुमार की पत्नी बैग देख रही थी, तभी दुकानदार की पत्नी को संदेह हुआ कि उसने एक बैग अपने थैले में रख लिया है। शक से शुरू हुआ विवाद, मारपीट में बदला मामला दुकानदार की पत्नी द्वारा पूछताछ किए जाने पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान चंद्रकुमार और उसकी पत्नी आक्रोशित हो गए और विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। नरेंद्र तेंदुलकर ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिलाओं के बीच भी झूमाझटकी, बढ़ता गया विवाद घटना के दौरान दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच भी जमकर हाथापाई हुई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पहले बहस होती है, फिर दोनों ओर से युवक-युवतियां एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगते हैं। कुछ ही देर में अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे विवाद और बढ़ गया। बाजार में अफरा-तफरी, लोग बनाते रहे वीडियो मारपीट के दौरान संडे मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। खरीदार अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। वहीं कई लोग पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। दुकानदार नरेंद्र तेंदुलकर की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी चंद्रकुमार के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मनोज राज 24 मार्च 2026