- बीच सडक़ कार खड़ी कर जाम लगाया, शराब पीते 3 युवक व युवती पकड़े गए बिलासपुर (ईएमएस)। थाना सकरी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर देर रात बर्थडे पार्टी करना चार युवाओं को भारी पड़ गया। पुलिस ने बीच सडक़ कार खड़ी कर जाम लगाने और शराब पीने के आरोप में तीन युवकों और एक युवती को पकडकऱ कार्रवाई की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 मार्च की रात करीब 11.50 बजे सकरी पुलिस की टीम के साथ पेट्रोलिंग पर निकली थी। इसी दौरान सूचना मिली कि काले रंग की हुडंई वर्ना कार (सीजी 07 बीएच 9996) में कुछ युवक-युवती सम्बलपुरी ओवरब्रिज पर गाड़ी खड़ी कर सडक़ जाम कर रहे हैं और वहीं शराब पार्टी कर रहे हैं। सडक़ पर खा रहे थे चखना पुलिस टीम रात 12 बजे सम्बलपुरी ओवरब्रिज पहुंची। वहां देखा गया कि एक कार बीच सडक़ पर खड़ी है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था। कार के पास तीन युवक और एक युवती मौजूद थे, जो चखना खा रहे थे। वाहन की तलाशी लेने पर अंदर कटा हुआ केक भी मिला, जिससे स्पष्ट हुआ कि मौके पर जन्मदिन मनाया जा रहा था। एल्कोमीटर जांच में शराब पीना आया सामने पुलिस ने मौके पर ही सभी आरोपियों की एल्कोमीटर से जांच की, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। पूछताछ में युवकों ने अपने नाम निहाल साडिल्य (22), अतुल वर्मा (21), प्रियांशु चौरासिया (19) निवासी कोरबा और युवती आदिति भंडारी (19) निवासी बिलासपुर बताया। निहाल साडिल्य का जन्मदिन होना भी सामने आया। आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक मार्ग में बाधा उत्पन्न करने और शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में धारा 285, 3(5) भारतीय न्याय संहिता और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मनोज राज 24 मार्च 2026