केंदीय मंत्री चौहान ने बताया पिछली सरकारों में किसानों को बिजली नहीं मिलती थी नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान किसानों की आय दोगुनी करने के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मोदी सरकार का पक्ष रखकर कई अहम बातें कही। उन्होंने दावा किया कि देश में कई किसानों की आय दोगुनी ही नहीं, बल्कि यह कई गुना बढ़ी है। केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि किसानों की आय सिर्फ दोगुनी ही नहीं हुई है बल्कि इसमें दो-तीन गुना तक इजाफा हुआ है और कुछ मामलों में यह आंकड़ा आठ गुना तक बढ़ गया है। इस मौके पर विपक्ष पर निशाना साधकर कहा कि पिछली सरकारों के समय गांवों में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी थी। उन्होंने कहा, उस समय न बिजली थी, न पानी और न ही सड़कें थीं। मध्य प्रदेश का उदाहरण देकर बताया कि पहले वहां किसानों को सिर्फ एक ही फसल मिल पाती थी, क्योंकि बिजली की स्थिति बेहद खराब थी। उन्होंने कहा, बिजली आती कम थी, जाती ज्यादा थी। कई बार सिर्फ बिजली के बिल ही आते थे। उन्होंने बताया कि लेकिन हमारी सरकार ने सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया और 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई। इसका परिणाम यह हुआ कि आज मध्य प्रदेश में किसान साल में तीन-तीन फसलें ले रहे हैं, जिससे उनकी आय में बढ़ोतरी हुई है। केंद्रीय मंत्री चौहान ने कृषि बजट में बढ़ोतरी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले कृषि बजट 19,306 करोड़ रुपए था, जो कि बढ़ाकर अब 1 लाख 30 हजार करोड़ रुपए से अधिक हुआ है। अगर कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों को मिलाकर देखा जाए, तब कुल बजट 5 लाख करोड़ रुपए से भी ज्यादा हो गया है। उत्पादन पर बात करते हुए चौहान ने कहा कि पहले जहां उत्पादन 14 प्रतिशत के आसपास था, अब उत्पादन को बढ़ाकर 44 प्रतिशत तक पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार किसानों को हर साल 6,000 रुपए की सहायता निधि सम्मान के रूप में दे रही है। इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के जरिए किसानों को आसानी से लोन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। आशीष दुबे / 24 मार्च 2026