राज्य
24-Mar-2026


:: सुबह 11:30 बजे पोर्टल पर लाइव होगा रिजल्ट; क्यूआर कोड और समग्र आईडी से देख सकेंगे अंकसूची :: इंदौर (ईएमएस)। राज्य शिक्षा केन्द्र, स्कूल शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश द्वारा बुधवार, 25 मार्च को कक्षा 5वीं एवं 8वीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा। प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों का इंतजार खत्म करते हुए विभाग सुबह 11:30 बजे आधिकारिक वेब पोर्टल पर लिंक सक्रिय कर देगा। परिणाम घोषणा की मुख्य प्रक्रिया सुबह 11 बजे राज्य शिक्षा केन्द्र के सभाकक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में प्रारंभ होगी, जिसके ठीक आधे घंटे बाद परिणाम सार्वजनिक कर दिए जाएंगे। :: कैसे देखें अपना परिणाम? विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षक राज्य शिक्षा केन्द्र के अधिकृत पोर्टल www.rskmp.in/result.aspx पर जाकर अपना परीक्षा परिणाम देख सकेंगे। रिजल्ट देखने के लिए विद्यार्थियों को अपना रोल नंबर या समग्र आईडी (Samagra ID) प्रविष्ट करनी होगी। इसके अतिरिक्त, विभाग ने तकनीक का लाभ देते हुए एक क्यूआर कोड (QR Code) भी जारी किया है, जिसे स्कैन करते ही सीधे रिजल्ट पोर्टल की लिंक खुल जाएगी। स्कूल के संस्था प्रमुख और शिक्षक भी इसी पोर्टल के माध्यम से अपनी शाला का विद्यार्थीवार विस्तृत परिणाम देख और डाउनलोड कर सकेंगे। :: बोर्ड पैटर्न पर हुई थी परीक्षा :: उल्लेखनीय है कि इस वर्ष भी कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षा पूर्णतः बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की गई थी। परीक्षाओं का आयोजन 20 से 28 फरवरी के बीच हुआ था। इस महा-परीक्षा में प्रदेश की शासकीय, अशासकीय शालाओं और पंजीकृत मदरसों के कुल 23 लाख 68 हजार से अधिक विद्यार्थी सम्मिलित हुए थे। आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 5वीं में 12 लाख 76 हजार और कक्षा 8वीं में 10 लाख 92 हजार से अधिक छात्र अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। :: मूल्यांकन की विशाल कवायद :: इतनी बड़ी संख्या में उत्तर पुस्तिकाओं के निष्पक्ष और त्वरित मूल्यांकन के लिए विभाग ने पूरे प्रदेश में 322 मूल्यांकन केन्द्र बनाए थे। इस कार्य में 1 लाख 10 हजार से अधिक अनुभवी शिक्षकों (मूल्यांकनकर्ताओं) को लगाया गया था। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि सीधे पोर्टल पर की गई है। विभाग ने सफल संचालन के लिए सभी तकनीकी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं ताकि परिणाम जारी होते समय सर्वर पर अधिक दबाव न आए और छात्र आसानी से अपनी अंकसूची देख सकें। प्रकाश/24 मार्च 2026