राज्य
24-Mar-2026
...


- रामलला और हनुमान गढ़ी के करेंगे दर्शन, मंदिर पूरा होने पर दर्शन करने का लिया था संकल्प भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह 26 मार्च को अयोध्या जा रहे हैं। राम मंदिर के निर्माण के बाद यह उनका पहला अयोध्या दौरा होगा। खास बात यह है कि सिंह ने मंदिर निर्माण के दौरान ही घोषणा की थी कि जब प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा, वे तभी दर्शन करने जाएंगे। अब जबकि मंदिर का मुख्य निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है, वे अपना संकल्प पूरा करने पहुंचेंगे। दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण के लिए 1 लाख 11 हजार 111 रुपए की निधि समर्पित की थी। उन्होंने हमेशा कहा कि वे राम भक्त हैं, लेकिन राजनीति और आस्था को अलग रखते हैं। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा के अनुसार, मुख्य मंदिर का निर्माण कार्य अब पूरा हो चुका है और अप्रैल अंत तक सभी तकनीकी औपचारिकताएं भी पूरी हो जाएंगी। राष्ट्रपति के इस दौरे को मंदिर की आध्यात्मिक पूर्णता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। दिग्विजय सिंह 26 मार्च को सुबह 8:10 बजे दिल्ली से एयर इंडिया की फ्लाइट से रवाना होंगे और 9:40 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। वहां दर्शन करने के बाद वे दोपहर में सडक़ मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।