खेल
25-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, लेकिन सीजन के आगाज से पहले ही कई टीमों को बड़ा झटका लगा है। फिटनेस और अन्य कारणों के चलते कुल 9 विदेशी खिलाड़ी शुरुआती मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे, जिससे टीम संयोजन पर असर पड़ना तय है। खास बात यह है कि इनमें चार खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के हैं, जो अपनी-अपनी टीमों के लिए अहम भूमिका निभाते हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पूरी तरह फिट नहीं हैं और शुरुआती मैचों से बाहर रहेंगे। उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कमान ईशान किशन को सौंपी गई है। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड भी चोट से उबर रहे हैं और संभावना है कि वह 12 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से पहले टीम से जुड़ेंगे। दिल्ली कैपिटल्स को भी बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उनके स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क शुरुआती मैच नहीं खेलेंगे। उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया है। इसके अलावा चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाड़ी मैथ्यू शॉर्ट अंगूठे में फ्रैक्चर के कारण शुरुआती मुकाबलों से बाहर रहेंगे। पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन भी शुरुआती सात मैचों में उपलब्ध नहीं रहेंगे, क्योंकि वह पारिवारिक कारणों से अपने देश में हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के श्रीलंकाई गेंदबाज मथीशा पथिराना भी सीजन के पहले दो हफ्तों के लिए बाहर रहेंगे। लखनऊ सुपर जायंट्स के स्पिनर वानिंदु हसरंगा चोटिल हैं और उनके शुरुआती मैचों में खेलने पर संशय बना हुआ है। सनराइजर्स हैदराबाद के ही ईशान मलिंगा कंधे की चोट के चलते श्रीलंका में हैं और फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद ही टीम से जुड़ पाएंगे। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के नुवान तुषारा को भी फिटनेस क्लीयरेंस मिलने के बाद ही खेलने की अनुमति मिलेगी। इन खिलाड़ियों की अनुपस्थिति से आईपीएल 2026 के शुरुआती मुकाबलों में टीमों को अपने संयोजन में बदलाव करना पड़ेगा, जिससे टूर्नामेंट की शुरुआत और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है। डेविड/ईएमएस 25 मार्च 2026