खेल
25-Mar-2026


- धोनी के खास क्लब में शामिल होने की दहलीज पर नई दिल्ली (ईएमएस)। संजू सैमसन ने टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई और अब उनकी नजर आईपीएल 2026 में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने पर टिकी है। सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में नाबाद 97, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में 89 रन की अहम पारियां खेलकर अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया। अब आईपीएल में भी अगर वह इसी फॉर्म को बरकरार रखते हैं, तो एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। दरअसल, विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर 5000 या उससे ज्यादा रन बनाने का कारनामा अभी तक सिर्फ एमएस धोनी ने किया है। धोनी ने 2008 से 2025 के बीच 278 मैचों की 242 पारियों में 5439 रन बनाए हैं, जिसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि केएल राहुल के नाम भी 5000 से ज्यादा रन हैं, लेकिन उन्होंने अपने पूरे करियर में हर मैच विकेटकीपर के रूप में नहीं खेला है। संजू सैमसन इस खास क्लब में शामिल होने के बेहद करीब हैं। उन्होंने 2013 से 2025 के बीच 177 मैचों की 172 पारियों में 3 शतक और 26 अर्धशतक की मदद से 4704 रन बनाए हैं। उन्हें 5000 रन के आंकड़े तक पहुंचने के लिए केवल 296 रनों की जरूरत है। अगर वह यह मुकाम हासिल कर लेते हैं, तो आईपीएल इतिहास में ऐसा करने वाले दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन जाएंगे। आगामी सीजन सैमसन के लिए इसलिए भी खास रहने वाला है क्योंकि इस बार वह चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते नजर आएंगे, जहां उन्हें धोनी के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलेगा। इससे पहले वह लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे और 2021 में टीम की कप्तानी भी संभाली। उनकी कप्तानी में टीम 2022 में फाइनल तक पहुंची थी। आईपीएल 2026 सैमसन के करियर का एक अहम मोड़ साबित हो सकता है, जहां वह न सिर्फ अपनी टीम के लिए योगदान देना चाहेंगे, बल्कि व्यक्तिगत रूप से भी इतिहास रचने के करीब खड़े हैं। डेविड/ईएमएस 25 मार्च 2026