क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले में हाथियों का दल अब रात के समय खेतों तक पहुंचने लगा है, जिससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में हाथियों ने 8 किसानों की धान की फसल रौंदकर बर्बाद कर दी। जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ वन मंडल में इस समय 98 हाथियों का दल अलग-अलग जंगलों में विचरण कर रहा है। सोमवार रात ये हाथी खेतों में घुस आए और कई गांवों में फसलों को नुकसान पहुंचाया। प्रभावित क्षेत्रों में बोरो रेंज के चाल्हा में 1 किसान, बरतापाली में 1 किसान, माढरमार और आमापाली में 5 किसानों तथा भंडरीमुड़ा में 1 किसान की धान की फसल बर्बाद हुई है। हाथियों के खेतों में घुसने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने उन्हें खदेड़ने की कोशिश की, लेकिन हाथी काफी देर तक खेतों में डटे रहे और नुकसान करने के बाद सुबह होने से पहले जंगल की ओर लौट गए। इधर, धरमजयगढ़ वन मंडल के ओंगना क्षेत्र में एक अलग घटना सामने आई, जहां महुआ बिनने गई भारती यादव और अन्य महिलाओं का सामना अचानक एक हाथी से हो गया। हाथी ने उन्हें दौड़ा लिया, जिससे भारती यादव घायल हो गईं। उनके चेहरे पर चोट आई है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वन विभाग के अनुसार, पूरे जिले में कुल 101 हाथी मौजूद हैं। इनमें से 98 हाथी धरमजयगढ़ वन मंडल में (26 नर, 50 मादा और 22 शावक) और 3 हाथी रायगढ़ वन मंडल में (2 नर और 1 मादा) विचरण कर रहे हैं। विभाग की टीम लगातार इन पर निगरानी बनाए हुए है। फिलहाल, वन अमला नुकसान का आकलन कर रहा है, जिसके बाद प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मार्च 2026