कोलकाता (ईएमएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने वेस्टइंडीज के अनुभवी खिलाड़ी आंद्रे रसेल के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनकी 12 नंबर की जर्सी को रिटायर कर दिया है। ऐसे में अब केकेआर का कोई भी खिलाड़ी 12 नंबर की जर्सी में नजर नहीं आयेगा। रसेल लंबे समय से केकेआर के लिए खेलते आये हैं। टीम में उनके अहम योगदान देखते हुए फ्रेंचाइजी ने उनकी जर्सी रिटायर की है। इसी के तहत ही एक कार्यक्रम में रसेल को सम्मानित भी दिया गया। इस अवसर पर वह भावुक हो गए। केकेआर के मुख्य कार्यकार वेंकी मैसूर ने मंच पर रसेल को एक फ्रेम की हुई जर्सी भेंट की और घोषणा की कि अब से केकेआर का कोई भी खिलाड़ी 12 नंबर की जर्सी नहीं पहनेगा। गौरतलब है कि आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी से पहले रसेल ने एक वीडियो भी जारी किया था। इसमें उन्होंने कहा था, ‘मेरे दिल में केवल केकेआर है।’ रसेल ने कहा था कि अगर वे आईपीएल खेलेंगे तो केवल केकेआर के लिए, वरना नहीं खेलेंगे। उन्होंने अपना वादा निभाया और अब वे खिलाड़ी की जगह टीम के ‘पावर कोच’ की नई भूमिका में है। रसेल साल 2014 और 2024 की केकेआर की खिताबी जीत में शामिल रहे हैं। रसेल ने कहा, ‘मैंने हर मैच ऐसे खेला जैसे वह मेरा आखिरी मैच हो। मुझे खेल छोड़ने का कोई दुख नहीं है क्योंकि मैंने मैदान पर अपना सब कुछ दे दिया है।’ उन्होंने टीम के लिए नई भूमिका निभाने को लेकर कहा, ‘इस भूमिका में होने का मुझे कोई अफसोस नहीं है। मैं उत्साहित हूं.’ रसेल ने आगे कहा, ‘हमारे पास सबसे युवा और बहुत ही प्रतिभाशाली कोचिंग स्टाफ है। मैं ऐसे कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बनना पसंद करूंगा। इससे मेरा काम आसान हो जाता है। मुझे उम्मीद है कि मैं जो भी जानकारी या अनुभव उनके साथ साझा करूंगा, उससे उनका काम और भी आसान हो जाएगा।’ ईएमएस 25 मार्च 2026