-नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद नई सरकार को लेकर चर्चाएं तेज पटना,(ईएमएस)। सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद बिहार में नई सरकार बनना तय है। नए सीएम के नाम से लेकर नई सरकार के प्रारूप तक, अलग-अलग तरह की चर्चाएं हो रही हैं। दूसरी तरफ सीएम नीतीश अपनी समृद्धि यात्रा पूरी करने में जुटे हैं। इस दौरान उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा साथ हैं। वहीं बीजेपी के कई नेता पार्टी मुख्यालय दिल्ली और संघ मुख्यालय नागपुर का चक्कर काट रहे हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी 3 दिन तक दिल्ली में रहे। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की। सूत्रों की मानें तो बिहार बीजेपी के कई नेता दिल्ली में अपने टॉप लीडरशिप के साथ मुलाकात करना चाह रहे हैं, लेकिन उन्हें समय नहीं मिल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की अमित शाह के साथ मुलाकात हुई, लेकिन इसे अनौपचारिक और सीक्रेट रखा गया है। इसकी कोई तस्वीर किसी भी प्लेटफॉर्म पर जारी नहीं की गई। वहीं, बीजेपी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार संघ मुख्यालय नागपुर पहुंच गए हैं। वे संघ के नेताओं के साथ मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर जारी की। इसमें वह संघ के संस्थापक डॉ केशवराव बलिराम हेडगेवार की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते दिखाई दे रहे हैं। सिराज/ईएमएस 25मार्च26