-एडवांस पेमेंट लेकर नहीं भेजते सामान या घटिया क्वालिटी का भेज देते हैं प्रोडक्ट भिवानी,(ईएमएस)। इंस्टाग्राम पर रील्स देखते समय आने वाले आकर्षक विज्ञापन अब महिलाओं के लिए खतरा बन रहे हैं। सस्ते आईफोन, ब्रांडेड कपड़े, कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स और घर बैठे नौकरी देने के नाम पर ठग महिलाओं को अपने जाल में फंसा रहे हैं। 10 से 15 हजार रुपए में आईफोन या आसान कमाई का लालच देकर जीतते हैं और फिर पैसे ठगते हैं। हैरानी की बात यह है कि रोजाना पांच से सात महिलाएं शिकायत लेकर थाने पहुंच रही हैं, जिससे यह समस्या तेजी से बढ़ती नजर आ रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ठगी के इन मामलों में एक समान पैटर्न देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक आफर और भारी डिस्काउंट महिलाओं को जल्द आकर्षित कर रहा है। ठग नकली वेबसाइट या फर्जी इंस्टाग्राम पेज बनाकर ब्रांडेड सामान सस्ते दाम में देने का दावा करते हैं। कई बार एडवांस पेमेंट लेने के बाद या तो सामान भेजा ही नहीं जाता या घटिया क्वालिटी का प्रोडक्ट भेज दिया जाता है। जागरूकता की कमी और बिना जांचे-परखे विश्वास करना इस समस्या को और बढ़ा रहा है। घर बैठे कमाई के झांसे में भी महिलाएं फंस रही हैं। ठग रजिस्ट्रेशन फीस या ट्रेनिंग चार्ज के नाम पर पैसे मांगते हैं और फिर संपर्क तोड़ देते हैं। कई मामलों में महिलाओं से निजी जानकारी भी ली जाती है, जिसका दुरुपयोग किया जा सकता है। कोई भी असली कंपनी नौकरी देने के लिए पहले पैसे नहीं मांगती। फिर भी लालच और जल्दी कमाई की चाह में महिलाएं इन जालों में फंस रही हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक कुछ साधारण सावधानियां अपनाकर इन ठगी से बचा जा सकता है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, आफर की सच्चाई की जांच करें और केवल विश्वसनीय वेबसाइट से ही खरीदारी करें। विज्ञापनों पर तुरंत भरोसा न करें। पेमेंट करने से पहले वेबसाइट की रिव्यू और रेटिंग जरूर देखें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर काल करें या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाएं पुलिस लगातार महिलाओं से सतर्क रहने की अपील कर रही है। किसी भी तरह की आनलाइन ठगी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी जा रही है ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। साइबर क्राइम हेल्पलाइन और पोर्टल का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। समाज में जागरूकता बढ़ाना जरूरी है ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर होने के साथ-साथ डिजिटल दुनिया में सुरक्षित भी रह सकें। याद रखें सावधानी ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। सिराज/ईएमएस 25मार्च26