राष्ट्रीय
25-Mar-2026


नवादा,(ईएमएस)। नवादा जिले के अकबरपुर अंचल में मंगलवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान पंकज कुमार (39) और उनकी पत्नी सुषमा देवी (36) के रूप में हुई है। वह तेली टोला मोहल्ला के निवासी थे। वे अपनी बेटी परी (11) के साथ साली के बेटे के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मस्तानगंज गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बेटी गंभीर रूप से घायल सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल परी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बच्ची जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिराज/ईएमएस 25मार्च26