- सेंसेक्स 800 से ज्यादा अंक टूटा, निफ्टी 23100 के करीब मुंबई (ईएमएस)। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच गिरावट के साथ खुला। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित युद्धविराम को लेकर जारी अनिश्चितता ने निवेशकों को सतर्क बना दिया है, जिसका असर घरेलू बाजार पर साफ दिखा। शुरुआती कारोबार में ही बीएसई सेंसेक्स 500 अंकों से अधिक गिरकर 74,883.79 पर खुला। खुलने के तुरंत बाद गिरावट और तेज हो गई। सुबह 9:27 बजे सेंसेक्स 784.99 अंक यानी 1.04 प्रतिशत टूटकर 74,488.46 पर कारोबार करता दिखा। इसी तरह निफ्टी 50 भी दबाव में रहा। निफ्टी 23,173.55 पर खुला, लेकिन जल्द ही गिरावट गहराते हुए सुबह 9:31 बजे 270.05 अंक या 1.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,082.10 पर पहुंच गया। बाजार में गिरावट की एक बड़ी वजह इंडेक्स हैवीवेट शेयरों में बिकवाली रही। खासतौर पर एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में कमजोरी ने बाजार पर नकारात्मक दबाव डाला। इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले रुपये में आई तेज गिरावट ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया है। कमजोर रुपये से विदेशी निवेशकों का भरोसा डगमगा सकता है, जिससे बाजार में पूंजी निकासी का जोखिम बढ़ जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार जब तक वैश्विक स्तर पर स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे में निवेशकों को सतर्क रहकर निवेश संबंधी फैसले लेने की सलाह दी जा रही है। सतीश मोरे/27मार्च ---