:: मोयरा सरिया प्रेजेंट एनआईएफ ग्लोबल इंदौर फैशन शो में क्रिएटिविटी और स्टाइल का दिखा अनोखा संगम :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर की शाम उस वक्त ग्लैमर के नए रंगों में सराबोर हो गई, जब एनआईएफ ग्लोबल इंदौर टाइम्स फैशन वीक-2026 के चौथे सीजन का भव्य आयोजन 26 से 28 मार्च तक बायपास स्थित होटल ग्रैंड शेरेटन में संपन्न हुआ। इस त्रिवसीय फैशन उत्सव का चरम बिंदु रहा प्रख्यात फैशन डिजाइनर शायशा शिंदे का नवीनतम कलेक्शन त्रिकाल दृष्टि, जिसने रैंप पर उतरते ही भविष्य के फैशन की एक जादुई और साहसी कल्पना को साकार कर दिया। इस शो की आभा को सातवें आसमान पर पहुँचाया बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और शो-स्टॉपर निधि अग्रवाल ने, जिन्होंने पेशेवर मॉडल्स के साथ कदमताल करते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस गरिमामयी आयोजन को और भी विशेष बनाया मोयरा सरिया के चेयरमैन व फाउंडर विमल तोड़ी एवं एनआईएफ ग्लोबल इंदौर की चेयरपर्सन श्रीमती साधना तोड़ी ने, जिन्होंने शो-स्टॉपर के साथ रैंप पर अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई। शायशा शिंदे का त्रिकाल दृष्टि संग्रह महज़ परिधानों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि नारी शक्ति और अदम्य आत्मविश्वास का एक जीवंत उत्सव था। डिजाइनर ने अपने इस विजन को तीन विशिष्ट खंडों - द ऑरेकल ऑफ द फ्यूचर, द प्रिंसेस ऑफ कंट्रोल्ड कैओस और द लास्ट हाई प्रीस्टेस में पिरोया था। रेगिस्तान की चंचल रेत से प्रेरित इस कलेक्शन में फ्लूइड सिल्हूट्स, मिक्स्ड फैब्रिक और 3डी वर्क का ऐसा विस्मयकारी तालमेल दिखा कि हर परिधान स्वयं में एक स्वतंत्र कलाकृति नजर आया। ड्रेप्ड फैब्रिक्स की बारीकियों और मेटालिक एक्सेंट्स के प्रयोग ने रैंप पर प्रकाश और छाया का जो सम्मोहक दृश्य रचा, उसे इंदौर के फैशन पारखियों ने मुक्तकंठ से सराहा। :: द जर्नी ऑफ थ्रेड्स एंड हैंडलूम्स में नजर आया प्रदेश का गौरव :: जहाँ एक ओर आधुनिकता का जलवा था, वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश की समृद्ध विरासत और मिट्टी की सोंधी महक ने भी दर्शकों का दिल जीता। शो के प्रारंभिक सेगमेंट ओरा बाय अनामिका में भारतीय परंपरा की पहचान साड़ी को नए आयाम दिए गए, जहाँ चटक रंगों और सौम्य पेस्टल शेड्स के बीच पारंपरिक व रेडी-टू-वियर साड़ियों का वैभवशाली संसार देखने को मिला। इसके पश्चात पाकीजा लक्स के बैनर तले सुप्रसिद्ध डिजाइनर मुमताज़ खान ने अपने विशेष कलेक्शन द जर्नी ऑफ थ्रेड्स एंड हैंडलूम्स के माध्यम से भारतीय हस्तशिल्प और हैंडलूम की उस शाश्वत सुंदरता को पुनर्जीवित किया, जो आधुनिक दौर में भी अपनी पूरी प्रासंगिकता बनाए हुए है। :: शाहवर अली और मुमताज खान का शाही अंदाज :: मुमताज़ खान के इस संग्रह में मध्य प्रदेश की शान - चंदेरी और महेश्वरी फैब्रिक की शुद्धता और उसकी टाइमलेस एलिगेंस स्पष्ट रूप से झलकी। इस खंड की भव्यता को मुंबई के जाने-माने अभिनेता शाहवर अली ने अपनी शो-स्टॉपर वॉक से चरम पर पहुँचा दिया। कलेक्शन की मूल आत्मा सादगी में शाही अंदाज रही, जहाँ अनावश्यक अलंकारों के स्थान पर क्लीन सिल्हूट्स के माध्यम से कपड़ों की असली नक्काशी को उभारा गया। दिल्ली के सुपर मॉडल सऊद खान की दमदार ओपनिंग के साथ शुरू हुए इस सफर में साड़ियां, लहंगे, शेरवानी और चंदेरी टिश्यू के वेस्टर्न ड्रेसेस ने परंपरा और आधुनिकता का सुंदर सेतु बनाया। डिजाइनर मुमताज ने यह पूरा कलेक्शन उन शिल्पकारों को समर्पित किया, जो अपनी उंगलियों के जादू से सदियों पुरानी बुनाई कला को आज भी जीवंत रखे हुए हैं। प्रकाश/29 मार्च 2026