मुंबई (ईएमएस)। ज्वालाबाद शहर की पृष्ठभूमि पर आधारित वेब सीरीज ‘कप्तान’ में एसएसपी समरदीप सिंह की कहानी को प्रमुखता से दिखाया गया है। सीरीज में कविता कौशिक ने डीएसपी प्रीत का किरदार निभाया है, जो एक सख्त और आत्मविश्वासी महिला पुलिस अधिकारी है। अपने किरदार को लेकर अभिनेत्री ने हाल ही में बातचीत के दौरान बताया कि उन्हें इस भूमिका में ढलने के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि उनका पारिवारिक माहौल ही पुलिस से जुड़ा रहा है, क्योंकि उनके पिता पुलिस अधिकारी थे। बचपन से उसी वातावरण में पली-बढ़ी होने के कारण यह किरदार उनके लिए बेहद सहज और स्वाभाविक बन गया। उन्होंने यह भी कहा कि चाहे उनका लोकप्रिय किरदार चंद्रमुखी चौटाला हो या फिर डीएसपी प्रीत, पुलिस अधिकारी की झलक उनके अभिनय में अपने आप दिखाई देती है। अभिनेत्री ने सीरीज की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें इस प्रोजेक्ट से जुड़ना इसलिए आसान लगा क्योंकि इसके पीछे एक मजबूत टीम थी। उन्होंने निर्देशक, निर्माताओं और प्लेटफॉर्म की तारीफ करते हुए कहा कि जब सभी चीजें सही लगती हैं, तो किसी प्रोजेक्ट को हां कहना मुश्किल नहीं होता। साथ ही उन्होंने अपने सह-कलाकारों की मेहनत और अनुशासन की भी खुलकर प्रशंसा की। शूटिंग के अनुभव पर बात करते हुए कविता ने कहा कि उन्हें व्यक्तिगत तौर पर किसी सीन को करने में ज्यादा कठिनाई नहीं हुई, लेकिन अन्य कलाकारों ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी शानदार एक्शन सीन दिए। उनका समर्पण और फिटनेस देखकर वह काफी प्रभावित हुईं और उन्होंने उनसे बहुत कुछ सीखा। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनकी भूमिका अन्य कलाकारों की तुलना में थोड़ी सहज थी। महिला पुलिस अधिकारियों को कम महत्व दिए जाने के सवाल पर अभिनेत्री ने बेबाकी से कहा कि उन्होंने अपने करियर में कभी खुद को नजरअंदाज महसूस नहीं किया। उनका मानना है कि उन्हें जो भी अवसर मिलता है, वह उसमें अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करती हैं और स्क्रीन टाइम के बजाय अपने काम के प्रभाव पर ध्यान केंद्रित करती हैं। इस सीरीज में साकिब सलीम के साथ सिद्धार्थ निगम, कविता कौशिक और अंजुम शर्मा जैसे अनुभवी कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 08 अप्रैल 2026