क्षेत्रीय
08-Apr-2026
...


-रायपुर(ईएमएस) । राजधानी रायपुर के कलेक्टोरेट परिसर में पहली बार कंपोजिट बिल्डिंग का निर्माण शुरू हो गया है, जिसमें जिला प्रशासन के अधिकांश विभाग एक ही छत के नीचे संचालित होंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत पुराने भवनों और एसएसपी कार्यालय को तोड़ा जा रहा है, लेकिन अब तक वहां रखे जरूरी दस्तावेज पूरी तरह सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट नहीं किए जा सके हैं। बताया जा रहा है कि रिकॉर्ड रूम में 35 से 40 साल पुराने महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद हैं, जिनमें कई थानों के रिकॉर्ड भी शामिल हैं। लगातार हो रही तोड़फोड़ के बीच दस्तावेजों की शिफ्टिंग अधूरी होने से इनके खराब होने, गायब होने या आग जैसी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। पहले ये दस्तावेज खुले में रखे थे, जिन्हें अब एक कमरे में बंद कर दिया गया है, लेकिन टूटी खिड़कियों के कारण बारिश का पानी और धूल अंदर पहुंच रही है, जिससे रिकॉर्ड को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। इस मामले में पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला का कहना है कि दस्तावेजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही सभी रिकॉर्ड को व्यवस्थित तरीके से स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इधर, कलेक्टोरेट में प्रस्तावित पांच मंजिला कंपोजिट बिल्डिंग के निर्माण कार्य में भी बाधा आ रही है। सामान पूरी तरह नहीं हटने के कारण एसएसपी कार्यालय को अब तक पूरी तरह नहीं तोड़ा जा सका है। पीडब्ल्यूडी विभाग ने इस पर आपत्ति भी दर्ज की है। पिछले तीन महीनों से तोड़फोड़ का काम जारी है, वहीं कोर्ट साइड में खुदाई और कॉलम निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 अप्रैल 2026