-रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर में बिजली मीटर लगाने की प्रक्रिया के नाम पर एक कारोबारी को साइबर ठगों ने अपना शिकार बना लिया। आरोपी ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर पहले फोन किया और फिर एक फर्जी लिंक के जरिए मोबाइल हैक कर 7 लाख रुपये से अधिक की रकम उड़ा ली। मामला देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-2 निवासी आशीष भाई देसाई, जो लेमिनेट का काम करते हैं, ने 1 अप्रैल 2026 को नया बिजली मीटर लगाने के लिए दलदल सिवनी-मोवा स्थित बिजली कार्यालय में आवेदन दिया था। 4 अप्रैल की सुबह उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताया और प्रक्रिया पूरी करने के लिए 13 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करने को कहा। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए एक लिंक भेजा, जिसमें बिजली विभाग का लोगो दिखाई दे रहा था। भरोसा कर पीड़ित ने लिंक ओपन कर दिया, जिससे उनका मोबाइल हैक हो गया। मोबाइल हैक होते ही ठग ने बैंक खातों से रकम निकालनी शुरू कर दी। बैंक ऑफ महाराष्ट्र खाते से 6 अलग-अलग ट्रांजैक्शन में 6,03,472 रुपये और एचडीएफसी बैंक खाते से 99 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस तरह कुल 8 ट्रांजैक्शन में 7,02,472 रुपये की ठगी की गई। जब लगातार पैसे कटने के मैसेज आने लगे, तब पीड़ित को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर ठग की तलाश शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 अप्रैल 2026