-जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धाराशिव में एक 23 वर्षीय युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बीती रात की बताई जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका की पहचान समलेश्वरी पटेल के रूप में हुई है। युवती के पिता बेदराम पटेल ने बताया कि सुबह जब वे सब्जी बेचने के लिए घर से निकलने की तैयारी कर रहे थे, तब उन्होंने बेटी को जगाने के लिए उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने दरवाजे के छेद से टॉर्च की रोशनी में देखा, लेकिन वह बिस्तर पर नजर नहीं आई। इसके बाद परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य देख सन्न रह गए। समलेश्वरी पटेल कमरे में मियार से चुनरी के फंदे पर लटकी हुई थी। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। पिता के अनुसार, आत्महत्या का कारण समझ से परे है। सोमवार रात को भी बेटी ने सामान्य बातचीत की थी और खर्च कम करने की बात कही थी। परिवार में किसी प्रकार का विवाद भी नहीं हुआ था। सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मार्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य तथ्यों के आधार पर ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 अप्रैल 2026